Spread the love

Bihar News वैशाली। घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए केंद्र सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा रिफिल बुकिंग के अंतराल में महत्वपूर्ण संशोधन किया गया है। अब शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सभी घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए रिफिल बुकिंग का अंतराल समान रूप से 25 दिन निर्धारित किया गया है।

मंत्रालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, फरवरी 2026 में मध्य-पूर्व में उत्पन्न परिस्थितियों के दौरान LPG की मांग के प्रबंधन हेतु शहरी क्षेत्रों में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों का अंतराल निर्धारित किया गया था। वर्तमान में LPG की आपूर्ति स्थिति में सुधार एवं लंबित रिफिल बुकिंग में उल्लेखनीय कमी को देखते हुए इस व्यवस्था को संशोधित किया गया है।

नए प्रावधान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को भी अब 45 दिनों के स्थान पर 25 दिनों के अंतराल पर घरेलू LPG रिफिल बुक करने की सुविधा मिलेगी। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

वैशाली जिले के जिलाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा जिले में LPG की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है। साथ ही संबंधित तेल विपणन कंपनियों एवं गैस एजेंसियों के स्तर पर नए बुकिंग प्रावधान का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि संशोधित व्यवस्था की जानकारी अधिकाधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाई जाए तथा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू LPG उपभोक्ताओं को रिफिल बुकिंग के संबंध में किसी प्रकार की अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े। इसके लिए संबंधित स्तरों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस संशोधन से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के घरेलू LPG उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी और उन्हें अब शहरी उपभोक्ताओं के समान 25 दिनों के अंतराल पर LPG रिफिल बुक करने की सुविधा प्राप्त होगी।