Spread the love

Bihar News, पटना: मोदी सरकार की जनविरोधी और गलत नीतियों के कारण देशभर में रसोई गैस (LPG) की भारी किल्लत, पेट्रोल-डीजल एवं बिजली की दरों में हुई बेतहाशा बढ़ोतरी के विरोध में आज दिनांक 3 अप्रैल 2026 को बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में पटना के इनकम टैक्स गोलंबर पर कांग्रेसजनों द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया।

इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश की आम जनता महंगाई की मार से त्रस्त हो चुकी है। रसोई गैस की भारी किल्लत के कारण आम परिवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए घर का चूल्हा जलाना तक मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली की दरों में भी बेतहाशा बढ़ोतरी की जा रही है। इन सबका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। महंगाई के कारण रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों का जीवन अत्यंत कठिन हो गया है।

राजेश राम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से आम जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रही है और आगे भी महंगाई, बेरोजगारी और जनहित के सवालों पर मजबूती से आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि रसोई गैस की आपूर्ति तुरंत सुचारु की जाए तथा पेट्रोल-डीजल और बिजली की बढ़ी हुई दरों को वापस लिया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

प्रदेश कांग्रेस कमिटी के आह्वान पर यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से पूरे बिहार में चलाया जा रहा है, जिसमें कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता जनता के मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं।