Bihar News, पटना। अल्पसंख्यक छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए आवासीय विद्यालय की नई वेबसाइट जारी की गई है। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के माध्यम से विकसित इस वेबसाइट से छात्र एवं अभिभावक आवासीय विद्यालयों से संबंधित आवश्यक सूचनाएं एवं सेवाएं अधिक सुगमता एवं पारदर्शिता के साथ प्राप्त कर सकेंगे। सोमवार को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के माननीय मंत्री मोहम्मद जमा खान ने इसका लोकार्पण किया। माननीय मंत्री हज भवन में विभाग की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
बैठक के दौरान विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा उनके प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने पर बल दिया। माननीय मंत्री ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण निष्ठा एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें तथा किसी भी स्तर पर उत्पन्न समस्याओं का तुरंत समाधान निकाले।
उन्होंने विशेष रूप से छात्रावास एवं आवासीय विद्यालयों के संचालन, विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण सुविधाओं तथा सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने को विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। साथ ही निर्देश दिया कि किसी भी प्रशासनिक अथवा कार्यगत बाधा की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाए।
माननीय मंत्री ने नियमित क्षेत्रीय भ्रमण एवं निरीक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि योजनाओं के वास्तविक प्रभाव एवं जमीनी स्तर की प्रगति का आकलन फील्ड विजिट के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने अधिकारियों को लाभार्थी-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान सभी जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारियों ने जिलावार प्रस्तुतीकरण दिया गया, जिसमें विभागीय योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियां एवं चुनौतियों की समीक्षा की। प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
माननीय मंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि इस वर्ष 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में विभाग संचालित आवासीय विद्यालयों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। विशेष रूप से दरभंगा जिले के विद्यार्थियों द्वारा जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन विभाग के लिए गौरव का विषय रहा है।
मौके पर विभाग के सचिव मोहम्मद सोहेल सहित विभागीय पदाधिकारी, सभी जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।