भिलाई। कोल घोटाला मामले में आरोपी सूर्यकांत तिवारी से जुड़ी संपत्ति पर आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार दोपहर आयकर विभाग की टीम ने भिलाई के कोहका स्थित ए-1 सूर्या रेजिडेंसी के एक मकान को सील कर अपने कब्जे में ले लिया। कार्रवाई के दौरान आयकर विभाग की टीम ढोल-नगाड़ों के साथ मौके पर पहुंची।
मिली जानकारी के मुताबिक, जिस मकान पर कार्रवाई की गई है, उसका क्षेत्रफल करीब 200 वर्गमीटर बताया जा रहा है। इस मकान में मनीष उपाध्याय रह रहे थे। आयकर विभाग की ओर से उन्हें पहले ही मकान खाली करने का नोटिस दिया गया था। नोटिस मिलने के बाद मनीष उपाध्याय ने मकान खाली कर अपना सामान दूसरी जगह शिफ्ट कर लिया था। भिलाई के कोहका स्थित ए-1 सूर्या रेजिडेंसी में आयकर विभाग ने कार्रवाई करते हुए सूर्यकांत तिवारी से जुड़ा मकान सील कर कब्जे में लिया।
सुपेला पुलिस से भी मांगी गई थी मदद
मकान खाली कराने की कार्रवाई के दौरान आयकर विभाग ने सुपेला पुलिस से सहयोग मांगा था। इसके बाद सोमवार को विभागीय टीम मौके पर पहुंची और मकान को सील कर अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की यह कार्रवाई सूर्यकांत तिवारी से जुड़े कथित बेनामी संपत्ति मामले में की गई है। विभाग की ओर से संपत्ति को अपने कब्जे में लेने की कार्रवाई की गई है। मामले में आयकर विभाग की जांच और आगे की कार्रवाई जारी है।