पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार (28 जून) को सुबह बापू सभागार में 21,391 नवनियुक्त सिपाहियों को नियुक्ति पत्र दिया। मुख्यमंत्री सभी के चेहरे पर खुशी देखना चाहते थे। जो सिपाही सलामी देकर गंभीर नजर आ रहे थे, उन्हें नियुक्ति पत्र लेते समय हंसने के लिए कह रहे थे। मुख्यमंत्री ने सभी को कहा कि सबलोग हंसिए। इसके बाद उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा और मंत्री विजेंद्र यादव ने भी सिपाहियों को नियुक्ति पत्र दिया। नव नियुक्ति सिपाहियों का पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने शपथ ग्रहण कराया। विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत ने मद्य निषेध की शपथ दिलाई।
55000 पदों पर भर्ती होगी
आने वाले समय में 55000 पदों पर भर्ती होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार पुलिस में जितनी महिलाएं हैं, उतनी किसी राज्य में नहीं है। 2005 में उनके सत्ता में आने से पहले बिहार में पुलिसकर्मियों की संख्या महज 42481 थी। इसे बढ़ाकर 1.10 लाख कर दिया गया। सीएम ने कहा कि दो साल पहले उन्होंने राज्य में पुलिसकर्मियों की संख्या को और बढ़ाते हुए 2.29 लाख करने का निर्णय लिया था। इसी क्रम में बड़ी संख्या में सिपाहियों को नियुक्त किया गया है। साथ ही 55 हजार और पदों पर बहाली की जाएगी।