Spread the love

रायपुर : छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला और विकास के महापर्व राज्योत्सव 2026 की तैयारियाँ अब अंतिम चरण में हैं। इस वर्ष राज्य स्थापना दिवस का यह पावन अवसर एक नए स्वरूप में नजर आएगा, जहाँ परंपरा के अनुसार 5 दिनों तक चलने वाला यह भव्य आयोजन इस बार 1 से 3 नवंबर 2026 तक यानी 3 दिनों का होगा।

मुख्य सचिव  विकासशील की अध्यक्षता में आज ( 29 सितंबर 2026) मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्योत्सव एवं राज्य अलंकरण समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने तथा विभागीय प्रदर्शनी की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने 22 अक्टूबर तक विभागवार तैयारियों एवं प्रदर्शनी की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।

राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कारों के चयन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। राज्य स्तरीय आयोजन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (मेला ग्राउंड) नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम-तूता में प्रस्तावित है।