छत्तीसगढ़

Chhattisgarh Rajyotsav 2026: केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने किया राज्योत्सव का शुभारंभ, विकसित छत्तीसगढ़ से बनेगा विकसित भारत

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प ही विकसित भारत के निर्माण को नई गति प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस संकल्प को पूरा करने में छत्तीसगढ़ जैसे समृद्ध संसाधनों और अपार संभावनाओं वाले राज्यों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर राज्योत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, राज्य सरकार के मंत्रीगण, सांसद, विधायकगण, विभिन्न निगमों, मंडलों एवं आयोगों के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का छत्तीसगढ़ विकास के नए रास्ते पर

केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर यहां की जनता की आकांक्षाओं को नई पहचान दी थी। आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश उसी विकास संकल्प को आगे बढ़ा रहा है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, लोकपरंपराएं, प्राकृतिक संपदा और मेहनतकश जनता प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं। पहले बस्तर की पहचान मुख्य रूप से नक्सलवाद के कारण होती थी, लेकिन अब वहां खेल, पर्यटन, संस्कृति और विकास की नई संभावनाएं उभर रही हैं। बस्तर की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में भी छत्तीसगढ़ एक महत्वपूर्ण गंतव्य के रूप में उभर रहा है।

नक्सलवाद की चुनौती से बाहर निकलकर विकास की ओर बढ़ रहा बस्तर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि 1 नवंबर 2000 को अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को अलग राज्य का दर्जा मिला था। राज्य गठन के समय प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं की अनेक चुनौतियां थीं। बीते वर्षों में इन क्षेत्रों में लगातार विस्तार हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। सुरक्षा बलों के साहस और बस्तरवासियों के सहयोग से बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास के नए दौर की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य बस्तर के दूरस्थ गांवों तक सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार जैसी सुविधाएं पहुंचाना है। नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

महतारी वंदन योजना से 68 लाख से अधिक महिलाओं को मिल रही सहायता

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। गरीबों, किसानों और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 पक्के आवास तैयार हो रहे हैं। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। वहीं, महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चरण पादुका योजना को दोबारा प्रारंभ किया गया है। इसके साथ ही भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। सरकार का उद्देश्य समाज के गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।

50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्री रामलला दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल है और यहां के लोगों की प्रभु श्रीराम के प्रति गहरी आस्था है।

उन्होंने बताया कि श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक प्रदेश के 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर चुके हैं। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी अयोध्या की तीर्थयात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है।

छत्तीसगढ़ में अब 21 मेडिकल कॉलेज, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में हुए विस्तार की जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि वर्तमान में शासकीय और निजी क्षेत्र को मिलाकर 21 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

लोकसंस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर

समारोह में संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, जनजातीय परंपराएं और ऐतिहासिक विरासत प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। पंडवानी, पंथी और ददरिया जैसी लोककलाएं छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाती हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश की लोककलाओं के संरक्षण और कलाकारों को सम्मान देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। पंडवानी की महान साधिका स्वर्गीय तीजन बाई की स्मृति में राज्य अलंकरण की शुरुआत भी की गई है।

संस्कृति मंत्री ने कहा कि चित्रकोट जलप्रपात, सिरपुर, राजिम, रामगढ़ की प्राचीन गुफाएं और मैनपाट जैसे पर्यटन स्थलों में देश-दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित करने की अपार संभावनाएं हैं।

तीन दिवसीय राज्योत्सव के माध्यम से छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

 

Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है । 'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है। ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।

Recent Posts

गोवर्धन पूजा 2026: जानिए इस पर्व का धार्मिक महत्व, पूजा विधि और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी पौराणिक कथा

रायपुर। Govardhan Puja 2026. हिंदू धर्म में गोवर्धन पूजा का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व…

6 hours ago

India vs New Zealand: बारिश ने बिगाड़ा खेल, बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हुआ मुकाबला, भारत सीरीज में 2-0 से आगे

स्पोर्ट्स डेस्क। India vs New Zealand third place. भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे…

6 hours ago

Pakistan vs Sri Lanka: पाकिस्तान ने श्रीलंका को 37 रन से हराया, सलमान आगा के शतक से मिली शानदार जीत

Chaupal Sandesh Team। PAK vs SL.पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेले गए वनडे ट्राई-सीरीज 2026…

7 hours ago

IND U19 vs UAE U19: आर्यवीर सहवाग का तूफानी शतक, भारत की पारी को संभालकर बड़े स्कोर की ओर बढ़ाया

स्पोर्ट्स डेस्क। ind u19 vs uae u19. अंडर-19 एशिया कप 2026 में भारत और संयुक्त…

7 hours ago

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: खैरागढ़ जिले के 21 तीर्थयात्री स्वर्ण मंदिर और वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना

खैरागढ़। Mukhyamantri Tirth Darshan Yojana. मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के 21…

7 hours ago

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को सम्मानित

रायपुर। Swachh Survekshan 2025-26. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय पुरस्कारों में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय…

7 hours ago