रायपुर। छत्तीसगढ़ के निजी विश्वविद्यालयों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां अब एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। राज्यपाल रमेन डेका ने आज लोक भवन में छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग द्वारा तैयार किए गए नए वेब पोर्टल cgpurc.cgstate.gov.in का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष वी. के. गोयल सहित आयोग के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

नए वेब पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के निजी विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों और व्यवस्थाओं से संबंधित महत्वपूर्ण एवं अद्यतन जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें अध्यादेश के आधार पर संचालित पाठ्यक्रमों का विवरण, अकादमिक कैलेंडर, प्रवेशित विद्यार्थियों की जानकारी, अंकसूची, डिग्री और पिछले वर्षों के परीक्षा परिणाम अपलोड किए जाएंगे।

इसके अलावा पोर्टल पर निजी विश्वविद्यालयों द्वारा निर्धारित शुल्क, कार्यरत अधिकारियों, विभिन्न समितियों एवं उनके सदस्यों तथा पीएचडी शोध-निर्देशकों की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध रहेगी।

NEP-2020 से लेकर कैंपस प्लेसमेंट तक की मिलेगी जानकारी

पोर्टल पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020), नैक प्रत्यायन, अन्य विश्वविद्यालयों के साथ हुए एमओयू, स्किल डेवलपमेंट, इनोवेशन, स्टार्टअप, जॉब ओरिएंटेशन प्रोग्राम, कैंपस प्लेसमेंट और ई-लाइब्रेरी से जुड़ी जानकारियां भी प्रदर्शित की जाएंगी।

इसके साथ ही शैक्षणिक स्वीकृतियों तथा विश्वविद्यालयों में स्वीकृत, भरे और रिक्त पदों से संबंधित विवरण भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

निजी विश्वविद्यालयों की व्यवस्था में बढ़ेगी पारदर्शिता

नए पोर्टल की शुरुआत से प्रदेश के निजी विश्वविद्यालयों की गतिविधियों की निगरानी अधिक प्रभावी हो सकेगी। साथ ही विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों को विश्वविद्यालयों से संबंधित जरूरी जानकारी आसानी से मिल सकेगी।

इस पहल से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में पारदर्शिता, सूचना की सुगमता और जवाबदेही को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

 

Avatar photo

By Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है ।
'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है।
ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।