रायपुर। बाल विज्ञान कांग्रेस-2026. छत्तीसगढ़ के बच्चों में वैज्ञानिक सोच, नई खोज और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 का शुभारंभ हो गया है। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के 33 जिलों से आए बाल वैज्ञानिक अपनी शोध परियोजनाओं और नए विचारों का प्रदर्शन करेंगे। इस वर्ष प्रदेशभर से 4,228 समूहों के कुल 8,456 बाल वैज्ञानिकों ने पंजीयन कराया है।
छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सीकॉस्ट) की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 के अंतर्गत हो रहा है। उद्घाटन समारोह में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के कुलपति एवं निदेशक ओ.पी. व्यास, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति सच्चिदानंद शुक्ल और सीकॉस्ट के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर शामिल हुए।
वैज्ञानिक खोजों के लिए जिज्ञासा और मौलिक सोच जरूरी
कार्यक्रम में बाल वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए ओ.पी. व्यास ने कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में होने वाले नए अनुसंधानों एवं आविष्कारों की बुनियाद मौलिक विज्ञान है। वैज्ञानिक प्रगति के लिए जिज्ञासा, तार्किक चिंतन और समस्याओं का विश्लेषण करने की क्षमता बेहद जरूरी है।
उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते उपयोग का जिक्र करते हुए कहा कि आज एआई की मदद से सवालों के जवाब प्राप्त करना आसान हो गया है, लेकिन सही और गुणवत्तापूर्ण प्रश्न तैयार करना उससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण है। बेहतर सवाल ही नए समाधान और वैज्ञानिक खोजों का रास्ता खोलते हैं।
उन्होंने बच्चों को नई तकनीकों का रचनात्मक उपयोग करने और अपनी मौलिक सोच को लगातार विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
बच्चों की जिज्ञासा को बढ़ावा देना शिक्षकों की जिम्मेदारी
पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति सच्चिदानंद शुक्ल ने कहा कि विद्यार्थियों में नई सोच, रचनात्मकता और विभिन्न विषयों को समझने की अद्भुत क्षमता होती है। बच्चों की जिज्ञासा को प्रोत्साहित करना और उन्हें नए प्रयोगों के अवसर देना शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को स्वतंत्र रूप से सोचने और अपने विचारों को व्यावहारिक रूप देने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। साथ ही विश्वविद्यालय में स्थापित आइडियाथॉन का उल्लेख करते हुए बाल वैज्ञानिकों को इसका अवलोकन करने के लिए आमंत्रित किया।
33 जिलों से 8,456 बाल वैज्ञानिकों ने कराया पंजीयन
इस वर्ष बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय ‘सततता के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ रखा गया है। इसके अंतर्गत पांच उपविषयों पर बाल वैज्ञानिक अपनी शोध परियोजनाएं तैयार कर रहे हैं।
आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के सभी 33 जिलों से 4,228 समूहों के 8,456 बाल वैज्ञानिकों ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पंजीयन कराया है। अक्टूबर और नवंबर 2026 के दौरान सभी जिलों में जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस आयोजित की गई।
इन आयोजनों में चयनित प्रत्येक जिले के पांच बाल वैज्ञानिक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण करेंगे। विषय विशेषज्ञ इन शोध परियोजनाओं का मूल्यांकन करेंगे और चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत करें अपनी शोध परियोजनाएं
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर ने बाल वैज्ञानिकों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि बाल विज्ञान कांग्रेस बच्चों को अपने आसपास की समस्याओं को वैज्ञानिक नजरिए से समझने और उनके समाधान खोजने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपनी शोध परियोजनाओं को आत्मविश्वास और स्पष्टता के साथ प्रस्तुत करने की अपील की।
बच्चों में वैज्ञानिक चेतना विकसित करना है उद्देश्य
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद (एनसीएसटीसी) का प्रतिष्ठित राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम है।
इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक चेतना, जिज्ञासा, रचनात्मकता और अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करना है। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद यह 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस है।
उद्घाटन समारोह में राज्य समन्वयक डॉ. जे.के. राय, विश्वविद्यालय के प्रोफेसर केशवकांत साहू, विभिन्न जिलों के समन्वयक, बाल वैज्ञानिक, मार्गदर्शक शिक्षक, प्राध्यापक और सीकॉस्ट के वैज्ञानिक उपस्थित रहे।
रायपुर। Raipur Seva Park News. अब रायपुर में जन्मदिन, शादी की सालगिरह और अन्य खास…
नई दिल्ली/ रायपुर। Yuzvendra Chahal News. भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल…
रायपुर। All India Telugu Conference 2026 News. राजधानी रायपुर के देवेन्द्र नगर स्थित श्री बालाजी…
रायपुर। Raipur Baccha Taskari Kand. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हाल ही में सामने आए…
रायपुर। Hemang Joshi Chhattisgarh Visit News. भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.…
रायपुर। bharat garibi report 2026 News. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान…