Spread the love

CGSSB Recruitment 2026: रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का अवसर सामने आया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में 1,703 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2, तृतीय श्रेणी (स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर), उपसमूह-02 के अंतर्गत भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इन पदों के लिए पहली बार लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी।

सहायक ग्रेड-3 के 1206 पदों पर भर्ती

इस भर्ती में सबसे अधिक 1,206 पद सहायक ग्रेड-3 के हैं। इसके अलावा विभिन्न विभागों में सहायक उप निरीक्षक, शीघ्रलेखक, स्टेनो टाइपिस्ट और डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित कुल 1,703 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

पदों का विवरण इस प्रकार है:

– सहायक ग्रेड-3 – 1,206 पद
– सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) – 279 पद
– शीघ्रलेखक (हिंदी) – 30 पद
– उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) – 34 पद
– स्टेनो टाइपिस्ट – 23 पद
– डाटा एंट्री ऑपरेटर – 25 पद
– शीघ्रलेखक (द्विभाषी) – 13 पद
– पंजीयक लिपिक – 50 पद
– सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) – 40 पद
– शीघ्रलेखक (अंग्रेजी) – 3 पद

27 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन

छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के अनुसार ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 28 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।

10 जनवरी 2027 को होगी लिखित परीक्षा

भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 4 जनवरी 2027 से मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। परीक्षा छत्तीसगढ़ के पांच संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी।

स्थानीय अभ्यर्थियों को वापस मिलेगा परीक्षा शुल्क

छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को परीक्षा में उपस्थित होने पर नियमानुसार परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा। यह राशि उसी बैंक खाते में भेजी जाएगी, जिससे आवेदन शुल्क का भुगतान किया गया है।

यहां करें ऑनलाइन आवेदन

भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी, आवेदन प्रक्रिया और अन्य दिशा-निर्देशों के लिए अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।

आधिकारिक वेबसाइट: https://cgssb.cgstate.gov.in

Avatar photo

By Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है । 'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है। ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।