Spread the love

रायपुर। स्मार्ट मीटर से आ रहे भारी-भरकम बिजली बिलों के विरोध में महंत लक्ष्मीनारायण दास वार्ड की महिलाओं का आक्रोश गुरुवार को खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में महिलाएं लाखेनगर स्थित बिजली कार्यालय पहुंचीं और कार्यालय का घेराव कर स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने बिजली मीटर वापस लगाने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने “महतारी वंदन नहीं चाहिए, पुराना मीटर वापस दो”, “स्मार्ट मीटर वापस लो” और “जनता पर बिजली बिल का बोझ बंद करो” जैसे नारे लगाते हुए सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

महिलाओं का कहना था कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उनके बिजली बिलों में कई गुना वृद्धि हो गई है, जिससे मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उनका आरोप है कि सरकार एक ओर महतारी वंदन योजना के माध्यम से राहत देने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर स्मार्ट मीटर के जरिए आम जनता से अधिक बिजली बिल वसूला जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि 15 दिन के भीतर यदि स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर नहीं लगाए गए तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा तथा घरों मे लगे स्मार्ट मीटर को उखाड़कर बिजली आफिस मे जमा किया जाएगा।

Avatar photo

By Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है । 'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है। ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।