Spread the love

रायपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प’ अभियान चलाएगी। इसमें बूथ से लेकर गांव, शहर और परिवार तक कार्यक्रम होंगे। इस कड़ी में देश के सरकारी और निजी स्कूलों में विद्यार्थियों के के लिए ‘विकसित भारत’ की संकल्पना और मोदी सरकार के सेवा कार्यों पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। शनिवार (29 अगस्त) को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रदेशस्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई।

भाजपा राष्ट्रीय मंत्री व राज्यसभा सांसद डॉ. कविता पाटीदार ने कहा कि यह अभियान मात्र एक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का व्यापक जनआंदोलन बनेगा। इसमें गांव, शहर, बूथ और परिवार की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यशाला में संगठनात्मक विषय पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया और आगामी कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला। भाजपा प्रदेश महामंत्री और कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक यशवंत जैन ने आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि पार्टी हर साल ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित करती रही है, लेकिन इस बार का आयोजन व्यापक होगा। कार्यशाला में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, केन्द्रीय मंत्री तोखन साहू, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, जिलाध्यक्ष एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहें।

सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना हैः सीएम

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि राज्य निर्माण के समय नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के प्रत्येक जिले का दौरा कर संगठन को मजबूती दी थी। उनका छत्तीसगढ़ से बहुत पुराना और अटूट नाता है। प्रधानमंत्री बनने के बाद भी वे निरंतर राज्य के विकास के लिए विभिन्न योजनाएं स्वीकृत कर रहे हैं। सीएम ने पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुंचाएं।

सेवा संकल्प अभियान खास क्यों

7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। 2026 में उनके सार्वजनिक पद पर 25 वर्ष (13 साल सीएम और 12 साल पीएम) पूरे हो रहे हैं। पार्टी इस 25 साल के कार्यकाल को सुशासन और स्थिरता के एक ब्रांड के रूप में स्थापित करना चाहती है। लिहाजा पार्टी की नजर मौजूदा के साथ-साथ भविष्य के वोटरों पर भी है। यही वजह है कि छात्रों के बीच भाषण व ड्राइंग प्रतियोगिता कराकर पार्टी उनके मन में विकसित भारत 2047 की वैचारिक छाप छोड़ना चाहती है।

.