Spread the love

Laxmi Verma / Phulo Devi Netam, रायपुर : छत्तीसगढ़ से भारतीय जनता पार्टी की लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस नेता फूलो देवी नेताम सोमवार (9 मार्च) को राज्यसभा के लिए बिना किसी विरोध के चुनी गईं। दोनों उम्मीदवार बिना किसी विरोध के चुन लिए गए हैं। निर्वाचन अधिकारी मनीष शर्मा ने वर्मा और नेताम को चुनाव के प्रमाण पत्र सौंपे है।

जाने लक्ष्मी वर्मा के बारे में…..

लक्ष्मी वर्मा (59) राज्य के प्रभावशाली कुर्मी समाज से हैं। उन्होंने भाजपा की तरफ से राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाए जाने के बाद राज्य महिला अयोग से इस्तीफा दे दिया था। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की निवासी वर्मा वर्तमान में रायपुर में निवास करती हैं।

वर्मा ने 1990 में भाजपा की प्राथमिक सदस्य के रूप में अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। वह 1994 में रायपुर नगर निगम में वार्ड पार्षद चुनी गईं। बाद में उन्होंने 2010 से 2015 तक रायपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष के तौर पर काम किया।

जिला, मंडल और बूथ स्तर पर किया काम

भाजपा के वरिष्ठ नेता, वर्मा को एक अनुभवी जमीनी नेता बताते हैं जिन्हें ग्रामीण राजनीति की गहरी समझ है। वह भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रवक्ता रह चुकी हैं। भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि महिला मोर्चा से लेकर पार्टी के पदाधिकारी पद तक वर्मा लगातार सक्रिय रही हैं तथा उन्होंने जिला, मंडल और बूथ स्तर पर काम किया है।

जाने फूलो देवी नेताम के बारे में…..

बस्तर इलाके के कोंडागांव जिले की आदिवासी नेता फूलो देवी नेताम (54) लगातार दूसरी बार राज्यसभा के लिए चुनी गई हैं। वह 1998 में अविभाजित मध्यप्रदेश की विधानसभा के लिए पहली बार विधायक चुनी गई थीं। वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ बनने के बाद, वह राज्य की पहली विधानसभा की सदस्य बनीं। वर्ष 2016 से, नेताम छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष के तौर पर काम कर रही हैं और पार्टी तथा सार्वजनिक जीवन में कई अहम पदों पर रह चुकी हैं।