Spread the love

पटना। मुख्यमंत्री अत्यंत पिछड़ा वर्ग सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग के युवाओं के लिए वरदान साबित हो रही है। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की ओर से घोषित 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के अंतिम परिणाम में योजना के तहत लाभ प्राप्त करने वाले 101 अभ्यर्थी अंतिम रूप से चयनित हुए हैं। विभाग के अनुसार, 70वीं बीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए योजना के अंतर्गत कुल 2164 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 2095 योग्य अभ्यर्थियों को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि उनके बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित कर दी गई थी। प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने वाले इन 2095 अभ्यर्थियों में से 386 मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण करने में सफल रहे। अंतिम साक्षात्कार के बाद 101 अभ्यर्थियों ने मेधा सूची में स्थान बनाया।

इन 101 सफल अभ्यर्थियों में 14 बिहार प्रशासनिक सेवा और 12 बिहार पुलिस सेवा में चयनित हुए हैं, जबकि शेष अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं में नियुक्त हुए हैं। योजना के लाभुकों ने टॉप 100 में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसमें रैंक 11 मो. इश्तियाक रहमान (बीएएस), रैंक 16 रिया रानी शाह (बीएएस), रैंक 81 सुदर्शन शर्मा (बीएएस) और रैंक 68 महिमा गुप्ता (बीपीएस) प्रमुख हैं। विभाग ने सभी सफल अभ्यर्थियों के उत्तम प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।