चौपाल संदेश टीम. पटना। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने किशनगंज जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में तैनात कार्यक्रम पदाधिकारी रूबी कुमारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया है। इस मामले में उनके पति गौरव कुमार को भी आरोपी बनाया गया है। ईओयू की विशेष टीम ने मंगलवार, 3 नवंबर को दोनों से जुड़े चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
ईओयू की टीम ने कटिहार स्थित पैतृक मकान, निजी अपार्टमेंट और किशनगंज स्थित सरकारी कार्यालय के साथ लाइनपारा मोहल्ले में किराये के आवास पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई डीएसपी के नेतृत्व में की गई।
छापेमारी में 2.80 लाख रुपये नकद और आभूषण के दस्तावेज मिले
तलाशी के दौरान ईओयू की टीम को 2 लाख 80 हजार रुपये नकद और करीब 6 लाख रुपये के आभूषण खरीद से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावा जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े 10 दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। इन जमीनों का अनुमानित मूल्य 3 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है।
जांच के दौरान कटिहार शहर के एक पॉश इलाके में लगभग 8 डिसमिल जमीन पर बना पांच मंजिला आलीशान अपार्टमेंट जैसा मकान भी सामने आया है। मकान का निर्माण पूरा बताया गया है, जबकि फिलहाल उसमें आंतरिक सजावट और रंगरोगन का काम चल रहा है। इस भवन के निर्माण में करोड़ों रुपये खर्च होने की जानकारी सामने आई है।
दूसरे व्यक्ति के नाम पर मिली स्कॉर्पियो
ईओयू की तलाशी के दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी मिली है। यह वाहन किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है, लेकिन जांच में इसकी खरीद में रूबी कुमारी की राशि लगाए जाने की बात सामने आई है। ईओयू इसे बेनामी संपत्ति के रूप में जांच रही है।
अधिकारियों के अनुसार, तलाशी और दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद संपत्ति से संबंधित और भी जानकारियां सामने आ सकती हैं।
2.45 करोड़ रुपये से अधिक की आय से ज्यादा संपत्ति का आरोप
ईओयू की अब तक की जांच में रूबी कुमारी के ज्ञात वैध आय स्रोतों की तुलना में 2 करोड़ 45 लाख 84 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति का पता चलने की बात कही गई है। यह उनकी ज्ञात आय से लगभग 87.49 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
इस मामले में ईओयू ने थाना कांड संख्या 31/26 दर्ज किया है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की संबंधित धाराओं तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) और 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है।
रेलवे में कार्यरत हैं पति, 2018 में BPSC से चयनित हुई थीं रूबी कुमारी
जानकारी के अनुसार, रूबी कुमारी के पति गौरव कुमार ने वर्ष 2004 में रेलवे के ग्रुप-सी वर्ग में लोको सहायक के पद पर योगदान दिया था। वर्तमान में वह कटिहार रेलवे स्टेशन पर कार्यरत हैं।
वहीं रूबी कुमारी का चयन वर्ष 2018 में बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 56वीं से 59वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से बिहार शिक्षा सेवा में हुआ था। उन्होंने वर्ष 2019 में पूर्णिया में पहली पदस्थापना पर कार्यभार संभाला था।
इसके बाद वर्ष 2023 में उनकी पदस्थापना कटिहार में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के रूप में हुई। वर्ष 2025 में उन्हें किशनगंज जिला कार्यक्रम पदाधिकारी की जिम्मेदारी मिली और तब से वह इसी पद पर कार्यरत हैं।
ईओयू की यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में दस्तावेजों, जमीन के लेनदेन और अन्य संपत्तियों की जांच के तहत की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
