रायपुर। ट्रैफिक पुलिस द्वारा ई-चालान के माध्यम से आम जनता से की जा रही कथित वसूली के विरोध में आज शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई को आम नागरिकों पर आर्थिक बोझ डालने वाला बताते हुए तत्काल रोक लगाने की मांग की।
शहर कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को 1000 देने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर आम नागरिकों से 2000 से 5000 तक के ई-चालान के माध्यम से वसूली की जा रही है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।
ट्रैफिक कमिश्नर से चर्चा के दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मांग रखी कि शहर में हेलमेट के नाम पर भेजे जा रहे ई-चालान पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही, ई-चालान के मैसेज से आम लोगों में दुविधा और शंका की स्थिति बन रही है, इसलिए पुलिस प्रशासन को पारदर्शी और अधिकृत तरीके से स्पष्ट संवाद स्थापित करना चाहिए।
कांग्रेस ने यह भी सुझाव दिया कि कबीर नगर के सामने रिंग रोड स्थित सड़क निर्माण क्षेत्र में कैमरे लगाए जाएं, ताकि वास्तविक ट्रैफिक नियम उल्लंघनों पर ही कार्रवाई हो सके। इसके अलावा जहां जहां कैमरे नहीं हैं, वहां साइन बोर्ड और चेतावनी बोर्ड लगाए जाने की भी मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि कार्रवाई में समानता होनी चाहिए। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के निवास के सामने खड़ी वाहनों पर पहले चालान कर उदाहरण प्रस्तुत किया जाए, उसके बाद आम जनता पर कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस कमेटी के अनुसार रायपुर शहर में प्रतिदिन 2500 से 3000 ई-चालान काटे जा रहे हैं, जो वर्तमान परिस्थितियों में आम जनता के लिए अत्यधिक बोझ साबित हो रहा है।
कांग्रेस ने इस पर तत्काल रोक लगाने और राहत प्रदान करने की मांग की है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र ही इस मुद्दे पर सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।