Bihar News, पटना । कला एवं संस्कृति विभाग और पटना जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में बसंतोत्सव कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यशाला के लिए जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय की ओर से इच्छुक प्रतिभागियों से आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। यह कार्यशाला पारंपरिक लोक कलाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से टिकुली कला एवं सिक्की कला विषय पर आधारित है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बसंतोत्सव कार्यशाला का आयोजन आगामी 5 से 8 फरवरी तक किया जाएगा। जबकि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि आगामी 3 फरवरी निर्धारित की गई है। कार्यशाला में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों की आयु सीमा 11 से 29 वर्ष निर्धारित की गई है। आयुवर्ग को दो श्रेणियों में विभाजित किया गया है। इसमें पहला वर्ग 11 से 18 वर्ष के प्रतिभागियों के लिए तथा दूसरा वर्ग 19 से 29 वर्ष के आयुवर्ग के लिए होगा।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रत्येक विधा में कुल 30-30 सीटें निर्धारित की गई हैं। आवेदक केवल एक विधा में ही आवेदन कर सकते हैं। पहले आवेदन करने वाले प्रतिभागियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर अपना आवेदन पत्र भरना होगा। भरे हुए आवेदन पत्र को आधार कार्ड की छायाप्रति के साथ पटना के जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, तृतीय तल, जिला विकास भवन, समाहरणालय, गांधी मैदान में जमा किया जा सकता है। इसके अलावा आवेदन ईमेल आईडी daco.ptn@gmail.com पर भेजे जा सकते हैं। कार्यशाला में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। आवेदन पत्र में अभ्यर्थी का नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि, आधार कार्ड संख्या, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, स्थाई पता, चयनित विधा, फोटो एवं हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से भरना होगा। विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि अपूर्ण अथवा त्रुटिपूर्ण आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।