Bihar News, पटना। आर्थिक अपराध इकाई की विशेष टीम ने सोमवार को शहर के गोला रोड में छापेमारी कर पेपर लीक कांड के मास्टर माइंड संजीव मुखिया गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित बिहार टीआरई-3 का पेपर लीक करने के साथ ही हरियाणा एसटीईटी का पेपर लीक कराने में भी शामिल था। पूछताछ करने के बाद आरोपित को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
आर्थिक अपराध इकाई के मुताबिक बिहार लोक सेवा आयोग के माध्यम से आयोजित शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-3 का पेपर लीक हुआ था, जिसमें आर्थिक अपराध थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इस मामले में ईओयू की विशेष टीम ने अबतक करीब 289 आरोपितों की गिरफ्तारी किया है। अन्य आरोपितों को गिरफ्तारी के लिए टीम छापेमारी कर रही है। इसी दौरान सोमवार को ईओयू की विशेष टीम को गुप्त सूचना मिली कि संजीव मुखिया गिरोह के वांछित आरोपित बिपुल कुमार उर्फ बिपुल शर्मा पटना के गोला रोड स्थित अपने आवास में छिपा हुआ है। इसके बाद टीम ने उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल अभ्यर्थियों को झांसा देकर और परीक्षा में सफल करा देने का आश्वासन देकर मोटी रकम वसूलता है। वह संजीव मुखिया के साथ मिलकर वर्ष 2023 में हरियाणा एसटीईटी का पेपर लीक कराने में भी शामिल था। बीपीएससी की टीआरई-3 परीक्षा में भी वह शामिल था।