पटना। बिहार में अपराध पर अंकुश लगाने और आम लोगों की सहायता और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पुलिस मुख्यालय ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस मुख्यालय की ओर से डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) नियंत्रण कक्ष के अंतर्गत एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, जिसके माध्यम से राज्य के नागरिक अपनी शिकायतें, समस्याएं और सुझाव या किसी तरह की सहायता लेने के लिए सीधे फोन कर सकते हैं।
बिहार पुलिस की तरफ से जारी सूचना के अनुसार, यह मोबाइल नंबर 9031829339 और 9031829340 हैं। इस हेल्पलाइन के जरिए कानून-व्यवस्था, पुलिस से जुड़ी शिकायतें, स्थानीय स्तर पर हो रही अनदेखी या किसी तरह की परेशानी को सीधे नियंत्रण कक्ष के संज्ञान में लाया जा सकता है। ये हेल्पलाइन तत्काल प्रभाव से शुरू हो गए हैं।
इस विशेष हेल्पलाइन का उद्देश्य आम लोगों की शिकायतों को बिना किसी देरी के संबंधित स्तर तक पहुंचाने और उनका समय रहते निपटारा करना है। इससे न सिर्फ पुलिस और जनता के बीच संवाद मजबूत होगा, बल्कि पुलिसिंग व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी। बिहार पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस हेल्पलाइन का उपयोग सिर्फ वास्तविक और गंभीर मामलों में ही करें। किसी तरह की गलत या भ्रामक सूचना देने से बचें।