Spread the love

New Delhi । राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) गणतंत्र दिवस शिविर (आरडीसी) 2026 का शुभारंभ 30 दिसंबर, 2025 को दिल्ली कैंट स्थित कारियाप्पा परेड ग्राउंड में “सर्व धर्म पूजा” के साथ हुआ। एक माह तक चलने वाले इस शिविर में कई अंतर-निदेशालय प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा जिनमें सर्वश्रेष्ठ कैडेट प्रतियोगिता, लघु शस्त्र फायरिंग, कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड के दौरान मार्चिंग दस्‍ते और फ्लैग एरिया डिजाइनिंग शामिल हैं।

इस वर्ष के गणतंत्र दिवस शिविर में 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों से 898 महिला कैडेट सहित कुल 2406 कैडेट भाग ले रहे हैं। युवा विनिमय कार्यक्रम (वाईईपी) के तहत 25 विदेशी मित्र देशों (एफएफसी) के कैडेट और अधिकारी भी इस समारोह में भाग लेंगे।

एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स ने कैडेट का स्वागत किया और उन्हें गणतंत्र दिवस शिविर के लिए चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने कैडेट से आग्रह किया कि वे ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ की सच्ची भावना से प्रेरित होकर धर्म, भाषा और जाति के भेदभाव को दूर करते हुए चरित्र, सत्यनिष्ठा, निस्वार्थ सेवा, भाईचारा और टीम वर्क जैसे सर्वोच्च गुणों का प्रदर्शन करें।

गणतंत्र दिवस शिविर ‘एकता और अनुशासन’ के अपने आदर्श वाक्य को कायम रखते हुए, देश भर से एनसीसी कैडेट को प्रशिक्षण और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के अवसर प्रदान करता है, इससे उनमें देशभक्ति, अनुशासन और नेतृत्व की भावना सुदृढ़ होती है।

Avatar photo

By Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है । 'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है। ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।