Spread the love

मध्यप्रदेश, भोपाल: इंदौर से झाबुआ जाते वक्त आज मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी का विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस परिवारजनों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। श्री पटवारी ने मेघनगर के औद्योगिक क्षेत्र में चल रहे जीवन बचाओ महाआंदोलन और जिला स्तरीय किसान खेत न्याय यात्रा में हिस्सा लिया।

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, प्रदेश सह-प्रभारी श्री संजय दत्त, आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष व विधायक श्री विक्रांत भूरिया, विधायक श्री प्रताप ग्रेवाल, श्री हीरालाल अलावा, श्री वीर सिंह भूरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री प्रकाश रांका, पूर्व विधायक श्री जेवियर मेडा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोनल भाभर, जनपद अध्यक्ष श्रीमती ललिता मुकेश सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

झाबुआ में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए श्री जीतू पटवारी ने मीडिया की स्वतंत्रता और पत्रकारिता की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा, ” वह पत्रकार जो सरकारी पोषण पर चल रहे हैं वह पूरे मीडिया जगत की छवि बिगाड़ रहे और आज ऐसा एक समूह है जो गोदी मीडिया के नाम से विख्यात हो रहा है जिसके कारण लोकतंत्र का चौथा स्तंभ अपनी निष्पक्षता खो रहा है और लोकतांत्रिक ताकतो को कमजोर कर रहा हैं उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे जनता के हित में, अन्याय और अराजकता के खिलाफ बेबाकी से आवाज उठाएं।

श्री पटवारी ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “नरेंद्र मोदी ने अपने उद्योगपति मित्रों को मीडिया का नियंत्रण सौंप दिया है, जिससे पत्रकारिता की आर्थिक स्वतंत्रता खत्म हो रही है। पत्रकार एक देशभक्त होता है, जो देश और समाज की सेवा के लिए इस क्षेत्र में आता है, लेकिन आज उसे सरकार के इशारों पर लिखने को मजबूर किया जा रहा है।”

उन्होंने भाजपा के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा माता बहनों पर की गई अभद्र टिप्पणी एवं हाल ही में भाई बहन के पवित्र रिश्ते पर आपत्तिजनक टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि मीडिया ने इस मुद्दे को पूरी ताकत से नहीं उठाया।

उन्होंने पत्रकारों से आह्वान किया*, “मध्य प्रदेश में वह घड़ी आ गई है जब पत्रकारों को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की जिम्मेदारी निभानी होगी। आपको सरकार और अन्याय के खिलाफ बोलना होगा, जनता के लिए न्याय की बात करनी होगी।”

श्री पटवारी ने जीवन बचाओ महाआंदोलन और किसान खेत न्याय यात्रा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के हितों के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने स्थानीय मुद्दों, विशेषकर मेघनगर के केमिकल कारखानों से उत्पन्न पर्यावरणीय और स्वास्थ्य समस्याओं के खिलाफ आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया।