Spread the love

Raipur : छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने आज नई दिल्ली के द्वारका में स्थित राज्य के ट्राइबल यूथ हॉस्टल का दौरा कर सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान हॉस्टल में रह रहे छात्र-छात्राओं से मुलाकात की और उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने हॉस्टल में मिल रही सुविधाओं के बारे में भी पूछा। इस हॉस्टल में रहकर छत्तीसगढ़ की अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्र विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने हॉस्टल में निवासरत छात्र-छात्राओं से कहा कि आप सभी हमारे राज्य का भविष्य हैं। सरकार आप लोगों की शिक्षा और विकास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहें और राज्य के विकास में योगदान दें। राज्य शासन उनके लिए यहां सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।

श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार आदिवासी, अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्ग के छात्रों की शिक्षा और उनके भविष्य के प्रति गंभीर है और इस दिशा में लगातार कदम उठा रही है। उप मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान छात्रों ने अपनी समस्याएं और चुनौतियां भी साझा कीं। श्री साव ने उनकी समस्याओं को दूर करने तुरंत कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।