गुजरात, अहमदाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (13 जून) अहमदाबाद विमान हादसे वाली घटनास्थल का मुआयना किया । इसके बाद उन्होंने सिविल अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना। इस दर्दनाक हादसे में 265 लोगों की मौत हो गई थी। मरने वालों में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी और विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर (एआई171) विमान गुरुवार दोपहर को अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद यहां एक मेडिकल कॉलेज परिसर में क्रैश हो गया था। इस हादसे में अब तक 265 लोग मारे जाने की खबर है। विमान में दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य सहित 242 लोग सवार थे। हालांकि, इस भीषण हादसे में विश्वाश कुमार रमेश नामक एक यात्री चमत्कारिक रूप से बच गया। वह विमान के अंदर 11ए सीट पर बैठा था। एयर इंडिया के मुताबिक, विमान में सवार 230 यात्रियों में से 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक थे। विमान में सवार अन्य 12 लोगों में दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य थे।

दिल दहला देने वाली मौत को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता
पीएम मोदी ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, “अहमदाबाद में हुए हवाई हादसे से हम सभी स्तब्ध हैं। इतने सारे लोगों की अचानक और दिल दहला देने वाली मौत को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी संवेदना। हम उनके दर्द को समझते हैं और यह भी जानते हैं कि उनके पीछे जो खालीपन रह गया है, उसे आने वाले कई सालों तक महसूस किया जाएगा। ओम शांति।”
पीएम मोदी ने X पर कहा अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना है। इस दुखद घड़ी में, मेरी संवेदनाएँ इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूँ जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने X पर कहा विजयभाई और मैंने गुजरात के सीएम रहते हुए भी बहुत काम किया था। उन्होंने कई ऐसे कदम उठाए जिससे गुजरात की विकास दर में तेजी आई, खास तौर पर ‘जीवन की सुगमता’ को बढ़ावा मिला। हमारे बीच हुई बातचीत हमेशा याद रहेगी। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। ओम शांति।
