रायपुर। PM Swanidhi Yojana News. छत्तीसगढ़ को पीएम स्वनिधि योजना में 5 पुरस्कारमिला है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से नई दिल्ली में आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ में छत्तीसगढ़ को कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि से प्रदेश का गौरव बढ़ा है।

फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में छत्तीसगढ़ देश में नंबर-1

नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ ने फास्टेस्ट मूवर्स (Fastest Movers) श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया। वहीं, इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज (Innovation and Best Practices) श्रेणी में प्रदेश को दूसरा स्थान मिला।

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।

बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को भी मिला राष्ट्रीय सम्मान

इस बार छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने भी डिजिटल अडॉप्शन (Digital Adoption) श्रेणी में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान हासिल किया।

बड़े बचेली: एक लाख से कम आबादी वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में देश में पहला स्थान।

दंतेवाड़ा: इसी श्रेणी में देश में दूसरा स्थान।

बिलासपुर: एक लाख से 10 लाख आबादी वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान।

इन पुरस्कारों से स्पष्ट हुआ है कि प्रदेश के नगरीय निकाय पथ विक्रेताओं को डिजिटल लेनदेन से जोड़ने और उन्हें संस्थागत ऋण की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी प्रयास कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताई खुशी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान मिलना राज्य में योजना के बेहतर क्रियान्वयन और नवाचारों का परिणाम है। सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

अरुण साव बोले- पथ विक्रेताओं को मिल रहे नए अवसर

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ को राज्य स्तर पर दो राष्ट्रीय पुरस्कार और बिलासपुर, बड़े बचेली तथा दंतेवाड़ा को डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में सम्मान मिलना नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है।

Avatar photo

By Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है ।
'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है।
ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।