रायपुर। Driver ka Hadtaal. देशभर के वाहन चालकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 12 नवंबर 2026 से अनिश्चितकालीन ‘स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन’ शुरू करने का ऐलान किया है। ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी और छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन सहित विभिन्न ड्राइवर संगठनों ने इस आंदोलन में शामिल होने के लिए वाहन चालकों से अपील की है। यदि बड़ी संख्या में चालक हड़ताल में शामिल होते हैं, तो छत्तीसगढ़ सहित देश के कई हिस्सों में परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
ड्राइवर संगठनों का कहना है कि लंबे समय से वाहन चालक अपनी सुरक्षा, सामाजिक सम्मान, दुर्घटना बीमा, पेंशन और कल्याणकारी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। लेकिन इन मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने के कारण अब अनिश्चितकालीन आंदोलन का रास्ता अपनाया जा रहा है।
12 नवंबर से स्टीयरिंग छोड़ो आंदोलन
ड्राइवर संगठनों की घोषणा के अनुसार, 12 नवंबर से चालक अपने वाहन खड़े रखकर आंदोलन में भागीदारी करेंगे। संगठन ने ट्रक, बस, टैक्सी और अन्य व्यावसायिक वाहन चालकों से आंदोलन का समर्थन करने की अपील की है।
संगठनों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार की ओर से ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रखने की तैयारी है।
