CG News. रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने 31 अक्टूबर 2026 को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने तथा एक-दो जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। वहीं, प्रदेश के चार जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम में आए इस बदलाव का असर आम जनजीवन के साथ-साथ किसानों की खेती पर भी देखने को मिल रहा है।
रायपुर में कैसा रहेगा आज का मौसम?
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शहर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अधिकतम तापमान करीब 29 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश दर्ज
पिछले दिनों प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर जिले के कुसमी में सर्वाधिक 28 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा चांदो और सामरी में 14-14 सेंटीमीटर तथा कुनकुरी में 12 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। कई अन्य इलाकों में भी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ।
अगले दिनों में भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 1 और 2 नवंबर को भी प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
किसानों को सावधानी बरतने की सलाह
बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए किसानों को अपनी कटी हुई धान की फसल सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है। वहीं, गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए।
