रायपुर : डब्ल्यूआरएस मैदान और रावणभाठा मैदान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बटन दबाकर रावन को ख़ाक किया है । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विजयादशमी पर्व के अवसर पर (12 अक्टूबर, सनिवार) श्री दूधाधारी मठ रावणभाठा के दशहरा मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों के साथ-साथ पूरे प्रदेश की जनता को विजयादशमी पर्व की बधाई दी । सीएम ने सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति को कार्यक्रम में आमंत्रण के लिये आभार व्यक्त किया, मुख्यमंत्री कहा है की मुझे यहां आकर बहुत प्रसन्नता हो रही है। मुझे जानकारी दी गयी है कि इस मैदान पर दशहरा पर्व पर रावण दहन कार्यक्रम का यह 170वां वर्ष है। आगे मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयादशमी का त्योहार असत्य पर सत्य की जीत का त्योहार है। यह बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है। छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की भूमि है और भगवान राम का ननिहाल है। इस वर्ष विजयादशमी पर्व बहुत खास है क्योंकि इस बार भगवान श्री राम भव्य मंदिर में प्रतिष्ठित हुए हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विजयादशमी पर्व पर हमें काम, क्रोध, लोभ, मद और मत्सर रूपी मन के रावण का वध करने की जरूरत है। विश्व मे शांति और भाईचारे की स्थापना के लिए आवश्यक है कि हम अपने अंदर के रावण का वध करें । हमें छत्तीसगढ़ में राम-राज स्थापित करना है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विजयादशमी पर्व में सम्मिलित होते हुए श्री दूधाधारी मठ रावण भाठा के दशहरा मैदान के सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित करने के लिए 50 लाख रुपये की राशि प्रदाय करने की घोषणा की।
सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रावण भाठा में यह 170 साल पुराना दशहरा मैदान है। यह गौरवशाली और वैभवशाली दशहरा पर्व है जिसे दूधाधारी मठ द्वारा हर वर्ष आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि हम हमारे देश की पुरानी विरासत को सहेजते हुए विकास के पथ पर अग्रसर हों। नौ दिन नवरात्रि पर्व मनाया गया है। माता दुर्गा और प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि वे सभी के जीवन में खुशहाली लायें।

इस अवसर पर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व सांसद श्री सुनील सोनी, पूर्व मंत्री व विधायक श्री कवासी लखमा, श्री अंजय शुक्ला, श्री सुभाष तिवारी, श्री मनोज वर्मा, श्री सुशील ओझा, श्री उमेश गुप्ता, श्री आकाश विग सहित सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति के सदस्य व विशाल जनसमूह उपस्थित था।
डब्ल्यूआरएस कॉलोनी के मैदान में 53 वर्षों से रावण का वध
रायपुर के डब्ल्यूआरएस कॉलोनी के मैदान में दशहरा पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को विजयादशमी पर्व की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बीते 53 वर्षों से डब्ल्यूआरएस कालोनी में रावण वध का कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। इस साल का यह कार्यक्रम हम सब लोगों के लिए विशेष है क्योंकि 500 सालों के बाद छत्तीसगढ़ के भांचा भगवान श्रीराम जो भव्य मंदिर में प्रतिष्ठित हुए है। यह हम सबके लिए गौरव और प्रसन्नता की बात है। बता दे की यहाँ भगवान राम और रावण की युद्ध गाथा का मंचन हुआ और अंत में रावण के विशालकाय पुतले का दहन कर बुराई पर अच्छाई की जीतकासंदेश दिया गया।

कार्यक्रम को रायपुर उत्तर के विधायक श्री पुरंदर मिश्रा ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री कुलदीप सिंह जुनेजा, श्री जयंती भाई पटेल, श्री तोशेन्द्र देव साय, आयोजन समिति के प्रमुख श्री जी.स्वामी, कलेक्टर श्री गौरव कुमार सिंह, एसएसपी श्री संतोष सिंह, आयोजन समिति प्रमुख के पदाधिकारीगण सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे।