पटना। बिहार जैसे कृषि प्रधान राज्य में खेती के साथ सौर ऊर्जा उत्पादन की तकनीक किसानों के लिए लाभकारी साबित हो सकती है। इससे कृषि भूमि का बेहतर उपयोग होगा, किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर मिलेंगे और स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। ये बातें बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित एग्रीवोल्टाइक्स वर्ल्ड कॉन्फ्रेंस-2026 में कहीं।

‘पावरिंग द ग्लोबल साउथ’ विषय पर आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में विभिन्न देशों के नीति-निर्माताओं, कृषि वैज्ञानिकों और ऊर्जा विशेषज्ञों ने भाग लिया। सम्मेलन में खेती के साथ सौर ऊर्जा उत्पादन की संभावनाओं, आधुनिक तकनीकों और किसानों की आय बढ़ाने के व्यावहारिक उपायों पर चर्चा की गई।

खेती के साथ बिजली उत्पादन से किसानों को होगा लाभ

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि एग्रीवोल्टाइक्स तकनीक बिहार जैसे कृषि प्रधान राज्य के लिए विशेष रूप से उपयोगी हो सकती है। इस तकनीक के माध्यम से एक ही भूमि पर कृषि गतिविधियों के साथ सौर ऊर्जा का उत्पादन किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि इससे किसानों को खेती से होने वाली आय के अतिरिक्त कमाई का अवसर मिल सकता है। साथ ही, स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने और कार्बन उत्सर्जन कम करने में भी मदद मिलेगी।

किसानों को अन्नदाता से ऊर्जादाता बनाने पर जोर

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भारत पारंपरिक खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि खाद्यान्न उत्पादन के साथ सौर ऊर्जा उत्पादन किसानों की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करने का आधार बन सकता है। इससे किसानों को आय के नए अवसर मिल सकते हैं और कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को अपनाने को प्रोत्साहन मिलेगा।

हरित भविष्य के निर्माण में एग्रीवोल्टाइक्स की भूमिका

सम्मेलन में कृषि और ऊर्जा क्षेत्र के बीच तालमेल बढ़ाने तथा एग्रीवोल्टाइक्स तकनीक के व्यावहारिक उपयोग पर विचार-विमर्श किया गया। इस तकनीक का उद्देश्य कृषि भूमि का प्रभावी उपयोग करते हुए खाद्य उत्पादन और स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन, दोनों को आगे बढ़ाना है।

कृषि मंत्री ने कहा कि ग्लोबल साउथ के विकास और हरित भविष्य के निर्माण के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। एग्रीवोल्टाइक्स जैसी आधुनिक तकनीक किसानों की आय बढ़ाने, ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Avatar photo

By Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है ।
'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है।
ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।