Spread the love

रायपुर। देश भर में मतदाता सूची में अनियमितताओं, वोट चोरी के आरोपों तथा निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों के बीच जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) द्वारा कल यानि शनिवार 10 अक्टूबर 2026 को राजधानी रायपुर में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के नेतृत्व में दोपहर 1 बजे सुभाष स्टेडियम के पास से शास्त्री चौक स्थित मुख्य निर्वाचन कार्यालय तक विरोध रैली निकाली जाएगी। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करेंगे।

जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने कहा देश के विभिन्न हिस्सों में मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर सामने आए आरोपों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच होना आवश्यक है, ताकि आम नागरिकों का निर्वाचन व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।

प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने कहा भारत का लोकतंत्र संविधान और जनता के मताधिकार पर आधारित है। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का वोट समान महत्व रखता है। गरीब हो या अमीर, किसान हो या मजदूर, दलित हो या आदिवासी, प्रत्येक मतदाता को यह विश्वास होना चाहिए कि उसका वोट सुरक्षित है और उसकी लोकतांत्रिक भागीदारी का सम्मान किया जा रहा है लेकिन वोट चोरी की घटना के मामले ने लोकतंत्र को कलंकित करने का काम किया।

उन्होंने कहा भारत निर्वाचन आयोग एक संवैधानिक संस्था है। इसकी स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर जनता का विश्वास लोकतंत्र के लिए अत्यंत आवश्यक है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें तथा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सभी गंभीर आरोपों की स्वतंत्र जांच कराई जाए। हमारा विरोध किसी संवैधानिक संस्था के अस्तित्व के खिलाफ नहीं, बल्कि उसकी निष्पक्षता, जवाबदेही और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए है। लोकतंत्र में सवाल पूछना नागरिकों का अधिकार है और उन सवालों का तथ्यपूर्ण जवाब देना संवैधानिक संस्थाओं की जिम्मेदारी है।”

Avatar photo

By Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है । 'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है। ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।