Spread the love

Madhya Pradesh News, भोपाल। आगामी त्योहारों के मद्देनजर लगातार बढ़ती महंगाई और बेकाबू होते घरेलू बजट के विरोध में करोंद स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक लोन मांगने पहुंची गृहणियां। शक्कर, खाद्य तेल और रसोई के जरूरी सामानों की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि के चलते आम परिवारों के लिए त्योहार मनाना दूभर हो गया है। इसी स्थिति को रेखांकित करने के लिए कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में गृहणियों एवं महिलाओं ने बैंक पहुंचकर ‘त्योहार मनाने हेतु लोन’ के लिए आवेदन कर सरकार की जनविरोधी नीतियों और महंगाई पर अंकुश लगाने में विफलता को उजागर किया गया।

रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों, विशेष रूप से शक्कर, घी, मैदा और तेल के दामों में भारी बढ़ोतरी से मध्यम व गरीब परिवारों की रसोई का बजट पूरी तरह चरमरा गया है। शक्कर की बढ़ती कीमतों के कारण इस बार पारंपरिक मिठाइयां और पकवान बनाना आम गृहिणी की पहुंच से बाहर हो रहा है। महिलाओं ने बैंक शाखा में बैंक मैनेजर को ज्ञापन और ‘त्योहार लोन’ का आवेदन पत्र सौंपा, ताकि सरकार तक यह संदेश पहुंचे कि जनता अब पर्व मनाने के लिए भी कर्ज लेने को मजबूर है।

शुक्ला ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आज जनता महंगाई की मार झेल रही है। त्योहार खुशी और उल्लास का अवसर होते हैं, लेकिन बेलगाम महंगाई ने आम आदमी से खुशियां छीन ली हैं।