रायपुर। अपेक्स बैंक के दो स्थानों बैंक परिसर सेक्टर 24, नवा रायपुर एवं पंडरी ब्रांच परिसर (सिटी सेंटर मॉल के सामने) में कल (14 जुलाई 2026) रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। उक्त शिविर बैंक के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता के आतिथ्य एवं प्रेरणा एवं काश फाउंडेशन के सहयोग से संपादित किया जा रहा है । कल 14 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर अपेक्स बैंक मुख्यालय, सेक्टर 24 नवा रायपुर एवं अपेक्स बैंक पंडरी ब्रांच में बैंक प्रबंधन की ओर से शिविर को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शिविर में बैंक के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य लोग भी रक्तदान कर सकेंगे ।
बैंक अध्यक्ष केदार नाथ गुप्ता ने बताया कि रक्तदान शिविर समाजसेवी संस्था “काश फाउंडेशन” के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। उक्त फाउंडेशन विगत 10 वर्षो से थैलीसिमिया, सिकलशेल से पीड़ित बच्चो के लिए अद्भुत सेवा कार्य कर रहे हैं। फाउंडेशन के महान कार्य के सहयोग के लिए हमारा यह प्रयास बहुत छोटा योगदान है। उन्होंने बताया कि रक्तदान महादान है और एक व्यक्ति के रक्तदान से पीड़ित जरूरतमंद बच्चे को 15 दिन का जीवन मिलता है। बैंक प्रबंधन ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है।
कार्यक्रम में बैंक अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता की मौजूदगी में रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन भी किया जाएगा।
बैंक मैनेजर अजय भगत ने बताया कि उक्त अवसर पर काश फाउंडेशन की फाउंडर श्रीमती काजल सचदेव एवं प्रेजिडेंट सुरेश सचदेव अपनी पूरी टीम के साथ उपस्थित रहेंगे। रक्तदान शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद थैलीसिमिया एवं सिकलशेल से पीड़ित छोटे बच्चों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना है।