रायपुर ( बीरगांव )। बीरगांव नगर निगम में सर्वाधिक 300+ परिवारों को आवास प्रदान कर राज्य के नगरीय निकायों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
नगर पालिक निगम बीरगांव के आयुक्त युगल किशोर उर्वशा ने इस उपलब्धि के लिए उप मुख्यमंत्री अरुण साव व विभागीय सचिव के सतत मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण बताते हुए निगम के अधिकारी कर्मचारियों एवं मैदानी अमले की सराहना की है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत ऐसे पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया, जिनके पास स्वयं का भूखंड उपलब्ध था। शासन द्वारा प्रदान की गई वित्तीय सहायता एवं निगम प्रशासन की सतत मॉनिटरिंग, तकनीकी मार्गदर्शन तथा समयबद्ध क्रियान्वयन व निरंतर जागरूकता कार्यक्रमों के परिणामस्वरूप 300+ परिवारों के सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण आवास तैयार हो चुके हैं। इन हितग्राहियों का गृह प्रवेश भी अतिशीघ्र एक गरिमामय समारोह में होगा ।
आयुक्त श्री उर्वशा ने आगे बताया कि योजना के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक निर्माण चरण की जियो-टैगिंग की गई। निर्माण प्रगति के सत्यापन के उपरांत हितग्राहियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से समय पर किस्तों की राशि हस्तांतरित की गई। समयबद्ध वित्तीय सहायता उपलब्ध होने से हितग्राहियों ने निर्धारित अवधि में अपने आवासों का निर्माण पूर्ण किया।