रायपुर। शासकीय बालक खेल परिसर (अन्य पिछड़ा वर्ग), गोगांव, रायपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश हेतु पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। संस्था में प्रवेश केवल अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के छात्रों के लिए होगा तथा प्रवेश पंजीयन फॉर्म निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
प्रवेश के लिए कक्षा 6वीं हेतु न्यूनतम आयु 11 वर्ष, कक्षा 7वीं हेतु 12 वर्ष तथा कक्षा 8वीं हेतु 13 वर्ष निर्धारित की गई है। खिलाड़ी छात्रों एवं अच्छे कद वाले विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालयीन दिवसों में प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, बाजार चौक, गोगांव स्थित खेल परिसर से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 06 जुलाई 2026 को शाम 4 बजे तक निर्धारित की गई है।
अंतिम चयन प्रक्रिया 07 जुलाई 2026 को प्रातः 9 बजे से आयोजित होगी। चयन विभिन्न शारीरिक दक्षता परीक्षणों के आधार पर किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में सम्मिलित होने वाले छात्रों को उत्तीर्ण कक्षा की अंकसूची, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक खाते की छायाप्रति एवं दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। साथ ही अभ्यर्थियों को स्पोर्ट्स किट (टी-शर्ट, निकर एवं जूते) पहनकर उपस्थित होना होगा।
चयनित विद्यार्थियों को निःशुल्क आवास, नाश्ता, भोजन, गणवेश, ट्रैकसूट, जूते, मोजे, छात्रवृत्ति तथा शासन द्वारा समय-समय पर निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विस्तृत जानकारी के लिए 9424166328, 7987881912 एवं 8827380481 नंबर पर कार्यालयीन समय में संपर्क किया जा सकता है।