Spread the love

नई दिल्ली: केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने सोमवार को नई दिल्ली में ईपीएफओ के जुलाई, 2024 के अनंतिम पेरोल डेटा को जारी करते हुए बताया कि ईपीएफओ ने जुलाई में 19.94 लाख शुद्ध रूप से (नेट) सदस्य जोड़े हैं, जो अप्रैल, 2018 में पेरोल डेटा जारी होने के बाद से अब तक की सबसे अधिक वृद्धि है। डॉ. मांडविया ने कहा कि 10.52 लाख नए यानी पहली बार काम करने वाले लोग ईपीएफओ द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े हैं।

डॉ. मांडविया ने ईपीएफओ डेटा जारी करते हुए कहा कि इस वर्ष जुलाई में 19.94 लाख नए सदस्य जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि जुलाई में जुड़े 8.77 लाख सदस्य 18-25 वर्ष आयु वर्ग के हैं। मंत्री ने कहा कि 18-25 वर्ष की आयु के लगभग 6.25 लाख लोग पहली बार काम कर रहे हैं, जो नए सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि करीब 59.4 फीसदी नए सदस्य 18-25 वर्ष आयु वर्ग के हैं।

श्रम एवं रोजगार मंत्री ने कहा कि आंकड़े बताते हैं कि युवाओं के रोजगार दर में वृद्धि हुई है। उन्हाेंने बताया कि जुलाई महीने में ईपीएफओ से 4.41 लाख महिला सदस्य जुड़ीं, जिनमें 3.05 लाख नई सदस्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि महिला रोजगार में भी वृद्धि हुई है। मंत्रालय के मुताबिक जुलाई में कुल सदस्य वृद्धि में महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, हरियाणा और गुजरात राज्यों का योगदान 59.27 फीसदी ​रहा है, जिससे सामूहिक रूप से 11.82 लाख सदस्य जुड़े हैं। वहीं, राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों में महाराष्ट्र सबसे आगे रहा, जिसने कुल नए सदस्यों में 20.21 फीसदी का योगदान दिया है।

Avatar photo

By Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है । 'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है। ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।