Spread the love

Madhya Pradesh News: भोपाल। केंद्रीय निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश एवं राजधानी में चलाए जा रहे मतदाता पुनरीक्षण सर्वे कार्य में हो रही गड़बड़ी के खिलाफ कांग्रेस ने अनोखा अभियान शुरू किया है। नरेला विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने “बूथ पर बनो भूत” नारा देकर अपने क्षेत्र के मतदान केंद्र 69 से इस अभियान की शुरुआत की है।

शुक्ला का कहना है कि नरेला विधानसभा क्षेत्र सहित राजधानी के अनेक इलाकों में एक ही पते पर अनेक जाति के अनेक वोटर के नाम दर्ज होना यह बताता है कि मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की निर्वाचन सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है। जब कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने मौके पर जाकर इस गड़बड़ी को उजागर किया तो निर्वाचन आयोग के कर्मचारियों से जवाब देते नहीं बन रहा है। गड़बड़ी को रोकने एवं फर्जी मतदाताओं के नाम सर्वेक्षण में पृथक करने की मांग उठाते हुए शुक्ला ने यह अभियान शुरू किया है। शुक्ला ने जिला कांग्रेस कमेटी के सभी बूथ लेवल एजेंट से अपील की है कि वह अपने-अपने मतदान केंद्र पर भूत बनकर संपूर्ण सर्वेक्षण कार्य अपनी निगरानी में संपन्न करवाए अन्यथा बड़े पैमाने पर फर्जी वोटर सूची में शामिल रह जाएंगे।