Gulf Food Festival: गल्फ फूड फेस्टिवल में दुनिया भर के प्रसिद्ध ब्रांड करते हैं इसमें शिरकत
पटना। बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड) की धमक अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी तेजी से बढ़ रही है। कॉम्फेड का ब्रांड ‘सुधा’ अब बिहारी की चौहद्दी से बाहर निकलकर तेजी से दूसरे देशों में पहुंचता जा रहा है। इसी क्रम में सुधा ने दुबई में हो रही गल्फ फूड प्रदर्शनी 2026 में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। यह सुधा के लिए बड़ी उपलब्धि है। इस वर्ष 26 से 30 जनवरी तक चलने वाली यह प्रदर्शनी विश्व की प्रतिष्ठित खाद्य एवं पेय प्रदर्शनी है। जिसमें कॉम्फेड (सुधा) के दूध, घी, मिठाइयां, लस्सी एवं अन्य उत्पादों को गुणवत्ता, शुद्धता और स्वाद के साथ प्रदर्शित किया जा रहा है। कॉम्फेड का यह प्रयास भारतीय डेयरी उद्योग की विश्वसनीयता को और अधिक मजबूत कर रहा है। इससे न सिर्फ निर्यात को बढ़ावा मिलेगा बल्कि राज्य के किसानों की आय में भी वृद्धि होगी। माना जा रहा है कि इस फूड फेस्टिवल में शामिल होने से सुधा ब्रांड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने में बड़ी मदद मिलेगी।
अमेरिका और कनाडा तक पहुंच चुका है सुधा ब्रांड
कॉम्फेड के ब्रांड सुधा ने न सिर्फ देश के विभिन्न राज्यों में अपनी धाक जमाई है, बल्कि अमेरिका और कनाडा जैसे विकसित देशों में भी अपने उत्पादों की आपूर्ति शुरू कर दी है। इन दोनों ही देशों में इसके उत्पाद काफी पसंद किए जा रहे हैं। कॉम्फेड अब मध्य पूर्व के देशों में भी सुधा उत्पादों को भेजने की तैयारी कर रहा है।
कॉम्फेड ने बीते मार्च में सुधा घी (1, 5 और 10 किग्रा पैक), मखाना (250 ग्राम पैक) और गुलाब जामुन (1 किग्रा पैक) को अमेरिका और कनाडा को निर्यात किया था। इस सफलता से उत्साहित होकर कॉम्फेड ने यूएई और सऊदी अरब जैसे बाजारों में प्रवेश की योजना बनाई है।
नालंदा और बरौनी स्थित डेयरी प्लांट्स को अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अपग्रेड किया गया है, ताकि वैश्विक बाजार की जरूरतों को पूरा किया जा सके।