क्राइम

Chhattisgarh News: रायपुर में 50 लापता लोगों में से 39 मिले, पुलिस ने परिजनों से मिलवाया; 11 की तलाश जारी

Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता मिली है। सेंट्रल जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज 50 गुमशुदगी के प्रकरणों में से पुलिस ने अब तक 39 लापता व्यक्तियों को खोजकर उनके परिजनों से मिलवा दिया है। वहीं, शेष 11 व्यक्तियों की तलाश लगातार जारी है।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन डीसीपी तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है। एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में विभिन्न थानों की पुलिस टीमें लगातार पतासाजी और आपसी समन्वय के माध्यम से लापता व्यक्तियों को खोजने में जुटी हैं। पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 तक 50 में से 39 व्यक्तियों का पता लगाया जा चुका है।

अपहरण की भ्रामक खबरों पर पुलिस ने किया स्पष्ट

पुलिस ने बताया कि पूर्व में गुमशुदगी के इन मामलों को एक साथ कई लोगों के अपहरण की घटनाओं के रूप में प्रस्तुत करने वाली भ्रामक जानकारी सामने आई थी। इस संबंध में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि गुमशुदगी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज होना अपने आप में अपहरण या किसी अन्य अपराध के घटित होने का प्रमाण नहीं है।

पुलिस के मुताबिक, माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार 22 मई 2026 के बाद प्राप्त गुमशुदगी की सूचनाओं पर भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज कर तलाश और जांच की जा रही है। पहले जिन मामलों में गुम इंसान प्रकरण दर्ज किया जाता था, उनमें अब एफआईआर दर्ज करना निर्धारित प्रक्रिया का हिस्सा है।

किस थाने में कितने लापता व्यक्ति मिले?

पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सेंट्रल जोन के सात थाना क्षेत्रों में दर्ज 50 प्रकरणों में से 39 व्यक्तियों को खोज लिया गया है।

थाना कोतवाली में दर्ज 05 प्रकरणों में 04, थाना गोलबाजार में 04 प्रकरणों में 03, थाना मौदहापारा में 12 प्रकरणों में 11, थाना गंज में 07 प्रकरणों में 04, थाना सिविल लाइन में 10 प्रकरणों में 06, थाना तेलीबांधा में 08 प्रकरणों में 07 तथा थाना देवेंद्र नगर में दर्ज सभी 04 प्रकरणों में लापता व्यक्तियों को खोजकर परिजनों से मिलवाया गया है। इस प्रकार कुल 50 प्रकरणों/लापता व्यक्तियों में से 39 व्यक्ति मिल चुके हैं।

देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में दर्ज सभी चार मामलों में लापता व्यक्तियों को खोज लिया गया है। वहीं मौदहापारा में 12 में से 11 और तेलीबांधा में आठ में से सात व्यक्तियों का पता लगाया गया है।

काम की तलाश, पारिवारिक नाराजगी और प्रेम संबंध बने लापता होने के कारण

पुलिस के अनुसार अब तक मिले 39 व्यक्तियों से पूछताछ और जांच में उनके घर से लापता होने के अलग-अलग व्यक्तिगत एवं पारिवारिक कारण सामने आए हैं।

इनमें काम की तलाश में दूसरे स्थान पर चले जाना, परिवार से नाराज होकर घर छोड़ना, मानसिक अस्वस्थता के कारण परिवार से बिछड़ना और प्रेम संबंधों के चलते घर से चले जाना शामिल है। कुछ मामलों में विवाह कर लेने की जानकारी भी सामने आई है।

पुलिस ने बताया कि नवरात्रि के दौरान कुछ व्यक्ति अपने परिजनों को बिना बताए डोंगरगढ़ दर्शन के लिए चले गए थे। उनके परिजनों ने भी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

39 व्यक्तियों के मामलों में अब तक अपराध या अनिष्ट की पुष्टि नहीं

रायपुर पुलिस के अनुसार अब तक खोजे गए सभी 39 व्यक्तियों के कथनों और जांच में किसी के साथ अपराध अथवा किसी प्रकार का अनिष्ट घटित होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

शेष 11 लापता व्यक्तियों की तलाश गंभीरता से की जा रही है। पुलिस टीमें उनके परिजनों के लगातार संपर्क में हैं और उपलब्ध जानकारियों के आधार पर पतासाजी कर रही हैं।

अफवाहों पर ध्यान न दें, अपुष्ट जानकारी साझा करने से बचें

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित होने वाली अपुष्ट सूचनाओं से भ्रमित न हों। किसी भी जानकारी को तथ्यों की पुष्टि किए बिना साझा न करें।

Ali Ahmad

लेखक के बारे में : अली अहमद - चौपाल संदेश के संपादक है । 'चौपाल संदेश' के संपादक के रूप में जन-सरोकार, राजनीति और समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष एवं सटीक पत्रकारिता का अनुभव। समाज के हर वर्ग से जुड़ी अहम ख़बरों और ज़मीनी मुद्दों को पाठकों तक पहुँचाना ही मुख्य ध्येय है। ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर निष्पक्ष विचार व सटीक ख़बरों के लिए प्रतिबद्ध।

Recent Posts

बस्तर में पीएम मोदी का दिवाली संबोधन: वीर जवानों को किया नमन, नक्सलवाद पर जीत को बताया ऐतिहासिक

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले जगदलपुर के करनपुर स्थित सीआरपीएफ कैंप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का…

2 hours ago

PM Modi : बस्तर में जवानों के साथ पीएम मोदी ने मनाई दिवाली, नक्सलवाद के खात्मे को बताया ऐतिहासिक जीत

बस्तर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार छत्तीसगढ़ के बस्तर में देश के वीर जवानों…

3 hours ago

CM विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को दी दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ

रायपुर : CG News . मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रकाश और उल्लास के महापर्व…

5 hours ago

Mekahara Hospital: मेकाहारा अस्पताल 8 और 9 नवंबर को बंद रहेगी ओपीडी, इमरजेंसी सेवा 24 घंटे चालू

रायपुर। Mekahara Hospital Diwali Holiday. दीपावली त्योहार के दौरान मरीजों को बेहतर और निर्बाध स्वास्थ्य…

5 hours ago

ind u19 vs pak u19: आज भारत-पाकिस्तान के बीच महामुकाबला, अंडर-19 एशिया कप में आमने-सामने दोनों टीम

चौपाल संदेश टीम। IND vs PAK U19: क्रिकेट प्रेमियों के लिए आज बड़ा मुकाबला है।…

5 hours ago

Happy Diwali: रोशनी, खुशियों और समृद्धि का महापर्व, जानिए दीपावली का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व

दीपावली विशेष लेख 2026: Diwali Festival. भारत में दीपावली का त्योहार केवल दीप जलाने और…

6 hours ago