हैदराबाद: भारत के सबसे बड़े लौह अयस्क उत्पादक एनएमडीसी ने अपनी सभी परियोजनाओं और कार्यालयों में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को बड़े उत्साह के साथ मनाया। एनएमडीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री अमिताभ मुखर्जी ने निदेशक (तकनीकी) श्री विनय कुमार और निदेशक (उत्पादन) श्री जॉयदीप दासगुप्ता के साथ इस कार्यक्रम में भाग लिया और कर्मचारियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस वर्ष की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग “ के अनुरूप , परियोजनाओं में 500 से अधिक कर्मचारियों और उनके प्रियजनों ने प्रशिक्षकों के निर्देशन में शारीरिक स्वास्थ्य और आंतरिक सद्भाव को बढ़ाने वाले योग सत्रों में भाग लिया। यह व्यक्तिगत स्वास्थ्य और हमारे भूमंडल के स्वास्थ्य के बीच गहरे संबंध को उजागर करता है, जो एक वैश्विक परिवार की धारणा वाले भारतीय दर्शन “वसुधैव कुटुम्बकम” को प्रतिध्वनित करता है।
मुख्य सत्र हैदराबाद में एनएमडीसी के मुख्यालय में आयोजित किया गया, जहाँ प्रमाणित प्रशिक्षकों ने प्रातःकाल ध्यानपूर्ण व्यायामऔर श्वसन का अभ्यास करवाया। एनएमडीसी परिवार के सभी सदस्यों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करते हुए कंपनी के खनन स्थलों और क्षेत्रीय कार्यालयों में समानांतर सत्र आयोजित किए गए।
इस अवसर पर बोलते हुए, एनएमडीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री अमिताभ मुखर्जी ने कहा, " हमारे विचारों, भावनाओं और कार्यों का हमारे आस-पास के लोगों पर गहरा प्रभाव पड़ता है और योग मानसिक संतुलन, विचारों की स्पष्टता और शक्ति विकसित करने में सहायक रहा है, जिससे हमारा जीवन उद्देश्यपूर्ण एवं सक्षम बना है। एनएमडीसी में, हम मानते हैं कि स्वस्थ कर्मचारियों से शक्तिशाली टीम बनती है, और इस तरह की पहल कार्यस्थल को अधिक विचारशील और सकारात्मक बनाने में मदद करती है।
कर्मचारियों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता में , एनएमडीसी अपने कॉर्पोरेट कार्यालय, हैदराबाद में प्रतिदिन 30 मिनट का योग सत्र आयोजित करता है। इस पहल का उद्देश्य एक स्वस्थ, जागरूक और संतुलित कार्य वातावरण को बढ़ावा देना है, जो अपने कर्मचारियों के समग्र कल्याण के प्रति एनएमडीसी के समर्पण को दर्शाता है। एनएमडीसी का मानना है कि अपने व्यावसायिक लक्ष्यों को प्राप्त करने और राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए एक स्वस्थ और खुशहाल कार्यबल का होना अनिवार्य है।