Spread the love

चौपाल संदेश, पटना : जेईई मेन 2026 में प्रदेश के कई अल्पसंख्यक छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। पटना स्थित हज भवन के आसिफ इकबाल ने सर्वाधिक 99.34 पर्सेंटाइल अंक हासिल किया है। वहीं मो. हसन को 95.64 पर्सेंटाईल, सोहेल अख्तर को 93.45, अल्तमश इकबाल को 86.4 और उमर हाफिज को 85.4 पर्सेंटाईल मिले हैं। गोपालगंज स्थित अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के मो. सहबाज को 87.16 पर्सेंटाईल प्राप्त हुआ है। इन छात्रों को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से संचालित राज्य कोचिंग योजना के तहत निशुल्क शिक्षा दी गई थी। इसके साथ हीं विभाग (बिहार लोक सेवा आयोग) बीपीएससी, नीट और जेईई की तैयारी भी ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से कराता है। बता दें कि हज भवन से जेईई मेन 2026 में 23 अभ्यर्थियों ने हिस्स्सा लिया था।
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी(एनटीए) ने बीते सोमवार(16 फरवरी) को पहले चरण का परिणाम घोषित किया था, जिसमें हज भवन से जुड़े छात्रों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। दूसरे चरण की परीक्षा आगामी दो अप्रैल से नौ अप्रैल तक आयोजित की जाएगी।
हज भवन में कार्यरत शिक्षक ने विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि निशुल्क आवास, गुणवत्तापूर्ण कोचिंग और काउंसलिंग से ये छात्र-छात्राएं प्रतिभाशाली बन रहे हैं। विभाग भविष्य में भी ऐसे छात्रों को समर्थन देता रहे।