Bihar News, पटना : मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत शुक्रवार (28-11-2025) को सीएम नीतीश कुमार ने 5वीं बार 10 लाख लाभुकों के खातों में प्रति लाभुक 10-10 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए। यह राशि डीबीटी के माध्यम से 26 सितंबर 2025 को महिला स्वरोजगार के अंतर्गत भेजी गई है। अब तक इस योजना में सरकार की तरफ से महिलाओं के बैंक खातों में अब तक 15 हजार 600 करोड़ की राशि भेजी जा चुकी है। राज्य की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाते हुए उन्हें रोजगार मुहैया कराने के लिए यह कवायद की जा रही है।
सरकार की ओर से इससे पहले भी 26 सितंबर के बाद 03, 06 और 24 अक्तूबर तक 1 करोड़ 36 लाख 57 हजार महिलाओं के खातों में 14 हजार 600 करोड़ रुपए भेजी जा चुकी है। 9 लाख 27 हजार 559 लाभुकों के आवेदन में कुछ त्रुटि होने के कारण भुगतान अटका हुआ है। त्रुटि दूर होते ही इनके खातों में भी पैसे चले जाएंगे। अलग-अलग समय में भेजी गई इस राशि से बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपना खुद का रोजगार शुरू भी कर लिया है।
योजना की सफलता और आवेदन की स्थिति के मद्देनजर 10 लाख लाभुकों के खातों में कुल एक हजार करोड़ रुपए की राशि भेजी गई। इस कार्यक्रम के आयोजन को लेकर जिला, प्रखंड, पंचायत एवं ग्राम संगठन स्तर पर विशेष आयोजन किया गया है। इसमें बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समहू (एसएसजी) से जुड़ी महिलाओं के साथ ही दूसरी महिलाओं ने भाग लिया। सामुदायिक संगठनों को जागरूक करने के उद्देश्य से राज्य मुख्यालय पटना में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। इसमें सभी प्रखंडों से 80 लाख जीविका दीदीयां भी सीधे तौर पर जुड़ी हुई थी।