छत्तीसगढ़, रायपुर : पुलिस ने मुस्कान धीवर (16) के मर्डर के आरोपी को खोज निकाला है। आरोपी साहिल धीवर (20) को पुलिस ने महाराष्ट्र के गोंदिया से गिरफ्तार किया है। आरोपी बलौदाबाजार के सकलोर का रहने वाला है। मुस्कान धीवर 10वीं की छात्रा की चाकू और पत्थर से हमला कर साहिल धीवर ने हत्या कर दिया था ।
मामला खरोरा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, मुस्कान और साहिल के बीच प्रेम प्रसंग था। साहिल मुस्कान का दूर का रिश्तेदार भी था। साहिल को शक था कि मुस्कान का किसी और से अफेयर है। वह फोन पर किसी दूसरे लड़के से बात करती है। इसी शक में साहिल ने मुस्कान की हत्या की साजिश रची।
वह छात्रा को घुमाने के बहाने गांव के बाहर तालाब के पास ले गया। वहां चाकू और पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर दिया और फरार हो गया। खरोरा पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम एक हफ्ते से उसकी तलाश कर रही थी। घटनास्थल से पुलिस को आरोपी की चप्पल और कुछ अन्य सामान मिले थे।
वारदात से पहले का एक CCTV फुटेज सामने आया, जिसमें लड़की एक लड़के के साथ बाइक पर बैठी नजर आ रही थी।
महाराष्ट्र भागने की फिराक में था आरोपी
थाना प्रभारी दीपक पासवान ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दोनों को बाइक पर साथ जाते देखा गया था। अगले दिन तालाब के पास मुस्कान का शव मिला। वह महाराष्ट्र की ओर भाग रहा था। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
क्या है पूरा मामला ?
27.06.2025 को सूचक ने थाना खरोरा में सूचना दिया कि ग्राम बेल्दार सिवनी तोर्रा तालाब के पास खेत मे मुस्कान धीवर का शव पड़ा है, कि सूचना तस्दीक कार्यवाही हेतु एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना खरोरा पुलिस के हमराह स्टाफ मौके पर पहुंची तथा सूचक की रिपोर्ट पर घटना स्थल पर मर्ग कायम कर विवेचना में लिया गया। प्रथम दृष्टया एवं घटना स्थल के निरीक्षण में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मृतिका के शरीर पर चाकू से वार करना तथा सिर पर पत्थर पटक कर हत्या करना पाया गया था, जिस पर अज्ञात अरोपी के विरूद्ध थाना खरोरा में अपराध क्रमांक 427/2025 धारा 103(1) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया था ।
आरोपी साहिल धीवर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01 नग चाकू एवं 01 नग दोपहिया वाहन जप्त किया गया।