Spread the love

नई दिल्ली : आज देश और दुनिया में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (IDY 2025) के मौके पर एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया।

प्रधानमंत्री ने योग का अर्थ “जुड़ना” बताते हुए कहा कि यह देखकर गर्व होता है कि आज 21 जून को दुनिया की 11वीं बार एकसाथ योग कर रही है। योग अब करोड़ों लोगों के जीवन का हिस्सा बन चुका है। दिव्यांग साथी ब्रेल लिपि में योग पढ़ते हैं, वैज्ञानिक अंतरिक्ष में योग करते हैं और गांवों के युवा योग ओलिंपियाड में भाग लेते हैं। इस विशाल आयोजन के लिए आरके बीच पर 3.19 लाख लोगों के एकसाथ योग करने की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा, तकनीकी और अन्य व्यवस्थाओं की भी व्यापक तैयारी की गई थी। अनुमान है कि इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भारत और दुनिया भर के करीब 8 लाख स्थानों पर लोग एकसाथ योग करेंगे। इस आयोजन से भारत का योग संदेश वैश्विक मंच पर और भी सशक्त होकर उभरा है।

पीएम मोदी ने इस खास मौके पर दिए संबोधन में कहा कि आज योग सभी का और सभी के लिए है। उन्होंने कहा कि योग ने पूरी दुनिया को जोड़ा है । आज योग के लिए पूरी दुनिया एक साथ खड़ी है। योग का दायरा हर बीतते दिन के साथ और बढ़ रहा है । योग से शांति की दिशा मिलती है ।