Spread the love

मध्यप्रदेश, भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के अटल पथ पर राज्य स्तरीय’योग संगम’ सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर स्वस्थ एवं निरोगी काया के लिए प्रतिभागियों के साथ योगाभ्यास भी किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी के संबोधन का इस अवसर पर सजीव प्रसारण किया गया। राष्ट्रीय कार्यक्रम से प्रसारित कॉमन योग प्रोटोकॉल का अनुसरण करते हुए अटल पथ पर बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों और जनसामान्य ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में योग किया। कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके, सांसद श्री वी.डी. शर्मा तथा श्री आलोक शर्मा उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत वसुधैव कुटुंबकम की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है। हमारे लिए विश्व एक परिवार है, और विश्व योग दिवस का अवसर दुनिया को भारत के मूलदर्शन और योगशैली से परिचय कराने का दिन है। योगाभ्यास करने से मन शांत होता है, शांति से संतोष आता है और जब मन में संतोष हो तो मनुष्य अहिंसा की तरफ बढ़ता है। योग, शारीरिक बल और मानसिक शांति व प्रफुल्लता बढ़ाता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आष्टांग योग दर्शन के रचयिता महर्षि पतंजलि को प्रणाम कर, शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए मानवता को योग का वरदान देने के लिए उनका आभार माना।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 21 जून का दिन खगोलीय गणना की दृष्टि से भी बहुत महत्वपूर्ण है। आज के दिन भगवान सूर्यनारायण उत्तरायण की यात्रा पूरी कर दक्षिणायन में प्रवेश करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने योग के माध्यम से भारत के मूल दर्शन और जीवन शैली से विश्व को परिचित कराया है। समूची वंसुधरा को परिवार मानते हुए प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कोविड के दौर में देश के लोगों को बचाने के साथ-साथ दुनिया के 100 से अधिक देशों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करा कर लोगों की जान बचाई।