Spread the love

Bihar News, पटना। गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार ने कहा कि बिहार में चीनी मिलों की संख्या बढ़ाने की दिशा में सरकार तत्परता से कार्य कर रही है। इसलिए अधिक से अधिक गन्ना खेती को बढ़ाया जाए। ताकि मिलों को गन्ना की कमी नहीं रहे। गन्ना किसानों को अधिकतम पाँच एकड़ तक की खेती के लिए गन्ना बीज पर 50 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उत्पादन लागत में कमी आए और किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ मिल सके।

राज्य सरकार द्वारा 25 नई चीनी मिलों की स्थापना के संबंध में लिए गए निर्णय के आलोक में अपर मुख्य सचिव ने शुक्रवार को विभागीय सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए उक्त बातें कहीं।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में गन्ना नहीं है उसे गन्ना एरिया के रूप में डेवलप किया जाए। गन्ना की खेती करने के लिए किसानों के बीच प्रचार-प्रसार कराया जाए। ताकि वह गन्ना के खेती करने के लिए जागरूक हो सकें। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों के बकाये मूल्य का 15 दिनों के अंदर भुगतान किया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी। उन्होंने राज्य के सभी गन्ना किसानों का 15 दिनों के अंदर रजिस्ट्रेशन कराने का सख्त निर्देश दिए। इसके पहले उन्होंने ईख मूल्य भुगतान, मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना, यांत्रिकरण योजना, गुड़ प्रोत्साहन योजना, चीनी मिलों की समस्या, नई चीनी मिलों की स्थापना और अन्य योजनाओं की समीक्षा की।

ईखायुक्त अनिल कुमार झा ने कहा कि प्रमाणित बीज उत्पादन प्रोत्साहन कार्यक्रम मद का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है उसे हर हालत में हासिल किया जाए। बेहतर करने वालों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित भी किया जाएगा।