Spread the love

छत्तीसगढ़, रायपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे हर घर तिरंगा #HarGharTiranga अभियान के अंतर्गत उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज अपने रायपुर स्थित आवास पर तिरंगा लगाकर आजादी के अमृत महोत्सव में सहभागिता की। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को संदेश देते हुए कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और यह हम सभी को एकता, साहस और बलिदान की याद दिलाता है।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने प्रदेश के सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ें, अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाएं और इस ऐतिहासिक पहल को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि तिरंगा लगाना केवल देशभक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले वीरों के प्रति कृतज्ञता का भाव भी है।
उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि वे अपने तिरंगे के साथ फोटो लेकर #HarGharTiranga अभियान का हिस्सा बनें और इसे harghartiranga.com पर साझा करें, ताकि यह संदेश जन-जन तक पहुंचे और देशभक्ति की भावना और प्रबल हो।

 उप मुख्यमंत्री  अरुण साव ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अपने निवास पर लगाया तिरंगा

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर देशभर में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ते हुए नवा रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास पर तिरंगा लगाया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश का ध्वज नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की एकता, अदम्य साहस और अमर बलिदान का प्रतीक है।

उप मुख्यमंत्री साव ने सभी लोगों से देश की आजादी के अमृत महोत्सव के इस गौरवपूर्ण उत्सव में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाकर ‘हर घर तिरंगा’ महाअभियान को जन-जन का उत्सव बनाने का आग्रह किया है। उन्होंने तिरंगे के साथ अपना फोटो साझा कर इस राष्ट्रीय गौरव में सहभागी बनने का अनुरोध किया है।