Congress protests at AI summit, पटना । नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘एआई समिट’ के दौरान यूथ कांग्रेस के सदस्यों द्वारा टी-शर्ट खोलकर किए गए प्रदर्शन और हंगामे को लेकर बिहार भाजपा आक्रोशित है। इस घटना से आक्रोशित भाजपा के कार्यकर्ताओं ने आज पटना के इनकम टैक्स गोलंबर पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी और सांसद राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला दहन किया।
भाजपा के बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता प्रदेश कार्यालय से निकले और पैदल मार्च करते हुए इनकम टैक्स गोलंबर पहुंचे। इस दौरान सभी कार्यकर्ता कांग्रेस और राहुल गांधी के विरोध में लिखे नारे वाली तख्तियां लिए हुए थे और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में झंडे और तख्तियां लेकर कांग्रेस नेता के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कुम्हरार के विधायक संजय गुप्ता ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारत मंडपम जैसे प्रतिष्ठित स्थान पर, अंतरराष्ट्रीय मंच पर, जहां दुनिया भर के विशेषज्ञ और प्रतिनिधि जुटे थे, वहां यूथ कांग्रेस के सदस्यों द्वारा किया गया व्यवहार न केवल अशोभनीय है बल्कि राष्ट्र विरोधी भी है।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस और राहुल गांधी की यह हरकत राष्ट्र के सम्मान के खिलाफ है। एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में इस तरह का व्यवधान डालना देश को वैश्विक मंच पर शर्मसार करने जैसा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।”
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के इशारे पर ही कांग्रेस के युवा कार्यकर्ता देश की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। राहुल गांधी को इस अभद्र व्यवहार के लिए पूरे देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
