Spread the love

मध्यप्रदेश,  भोपाल : मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र कुंडम में जबलपुर और मंडला जिले के किसानों को बड़ी सौगात दी। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कुंडम के समीप ग्राम छपरा में सांदीपनि‍ विद्यालय और आईटीआई का लोकार्पण करने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए 1400 करोड़ रुपए की लागत से गौमुख जलाशय बनाने की घोषणा की। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गौमुख जलाशय से 25 हजार हेक्‍टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी। जलाशय से जबलपुर जिले के 14 हजार 900 और मंडला जिले के 10 हजार 100 हेक्‍टेयर क्षेत्र में सिंचाई संभावित है।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में नित नये आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि उत्‍कृष्‍ट प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश के दो सांदीपनि विद्यालय क्रमश: रतलाम का विनोबा सीएम राइज स्कूल ‘विश्व के सर्वश्रेष्ठ स्कूल पुरस्कार, 2024’ के ‘नवाचार’ श्रेणी में प्रथम स्‍थान पर घोषित हुआ है। सीएम राइज मॉडल उच्चतर माध्यमिक स्कूल झाबुआ को ‘सपोर्टिंग हेल्दी लाइफ’ में चुना गया है। लंदन स्थित T-4 एजुकेशन संस्‍था ने विभिन्‍न श्रेणियों में हमारे सांदीपनि विद्यालियों को विश्‍व के सर्वश्रेष्‍ठ स्‍कूलों में शामिल किया है। कक्षा 10वी एवं 12वी बोर्ड परीक्षा के परिणामों में शासकीय स्कूल के विद्यार्थियों ने निजी विद्यालयों की तुलना में अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि गोंडवाना समाज की रानी दुर्गावती ने अपने पराक्रम से दुश्मनों को मात दी। उन्‍होंने 52 लड़ाईयां लड़कर दुश्‍मनों के दांत खट्टे किये। उन्‍होंने अपने शौर्य के साथ-साथ जल संरक्षण की दिशा में भी महत्‍वपूर्ण कार्य किया।

तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री श्री गौतम टेटवाल ने तकनीकी शिक्षा, कौशल एवं रोजगार की उपलब्‍धियों के बारे में बताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि वर्ष 2022 में कुंडम आईटीआई प्रारंभ किया गया था जिसमें 49 छात्र छात्राओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया था। वर्तमान मे यहाँ लगभग 12 करोड़ 63 लाख की लागत राशि से आईटीआई भवन, बालक बालिका हॉस्टल एवं स्टाफ़ के लिए क्वार्टर तैयार किया गया है। क्षेत्र के बालक-बालिकाओं को उनका हुनर और कौशल विकास में सहायता मिलेगी। कार्यक्रम को विधायक श्री संतोष वरकड़े ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किया।