Spread the love

30 जनवरी को धान खरीदी की तिथि बढ़ाने को लेकर चक्का जाम

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन रायपुर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व मंत्री एवं मनरेगा बचाओ समन्वयक उमेश पटेल के उपस्थिति में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत प्रदेश स्तर पर गठित समन्वय समिति की बैठक संपन्न हुआ।

बैठक में तय किया गया कि प्रदेश में धान ख़रीदी को लेकर किसानों को हो रही परेशानी को लेकर तथा धान खरीदी की तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर 30 जनवरी को प्रदेश, जिला और ब्लॉक में चक्का जाम कर प्रदर्शन किया जाएगा। मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत प्रदेश कांग्रेस 31 जनवरी से 7 फरवरी तक सभी जिलों के कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सरकार धान खरीदी की अंतिम तारीख 31 जनवरी रखी है, लेकिन 10 दिन पहले से ही टोकन जारी करना बंद कर दिया है, जिन किसानों को टोकन जारी हुआ है उनका धान भी नहीं खरीदा जा रहा है, हर संग्रहण केंद्र में उठाव नहीं होने से तौलाई की समस्या बनी हुई है, कई किसानों के तो एक बार भी टोकन नहीं कटे हैं, ऐसे में अब धान बेचने के लिए किसानों के पास महज 3 दिन ही बचे हैं और इस सरकार की दुर्भावना के चलते किसानों की समस्या जस की तस बनी हुई है, प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रभावित किसानों के साथ उनकी मांगों के समर्थन में आगामी 30 जनवरी को पूरे प्रदेश में चक्का जाम करके इस किसान विरोधी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी।