Spread the love

Bihar latest news, पटना: बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश कुमार ने सोमवार (24 नवम्बर) को प्रदेश के सभी जिलाध्यक्षों, मोर्चा संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रमुखों को आगामी 14 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली “वोट चोर, गद्दी छोड़ महारैली” की तैयारियों को व्यापक स्तर पर तेज करने के निर्देश जारी किए हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से वोट की पवित्रता को कमजोर करने, मतदाताओं के दमन, लक्षित वोटर विलोपन तथा चुनावी आंकड़ों में लगातार हो रही हेरफेर जैसी घटनाओं ने देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। इन असंसदीय और अलोकतांत्रिक कार्रवाइयों के विरुद्ध कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी मुख्य निर्देश इस प्रकार हैं—

1. हस्ताक्षर अभियान को तेज़ करना
प्रदेश भर में चल रहे हस्ताक्षर अभियान को सर्वाधिक प्राथमिकता देते हुए व्यापक जन-भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

2. प्रचार-प्रसार एवं मोबिलाइज़ेशन
महारैली के संदेश को गांव-गांव, वार्ड-वार्ड तक पहुँचाने के लिए पोस्टर, सोशल मीडिया, जन-संपर्क एवं सामूहिक बैठकों का अधिकतम उपयोग किया जाए।

3. नियमित संवाद एवं रिपोर्टिंग
सभी जिलों से नियमित प्रगति-रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को भेजी जाए, ताकि आवश्यक समन्वय समय पर सुनिश्चित हो सके।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा— “यह रैली सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जनता का संकल्प है। हमें यह सुनिश्चित करना है कि 14 दिसंबर की महारैली एक ऐतिहासिक जन-आवाज बनकर उभरे।”