Spread the love

Bihar News: पटना: राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का प्रभार उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार (24 नवम्बर) को ग्रहण किया। इसके बाद संवाददाताओं से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि भूमि का संरक्षण करने और मातृभूमि का सम्मान बढ़ाने के लिए मैं निरंतर कार्य करूंगा। बिहार में तीन माफियाओं की ज्यादा चर्चा होती है, जिसमें बालू, दारू और भूमि माफिया शामिल हैं। जो लोग बालू और दारू से अवैध कमाई कर भ्रष्ट तरीके से जमीन में लगाता है उनपर विशेष नजर रखी जाएगी और भूमि माफियाओं को संरक्षण देने वाले सफेदपोशों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बालू माफिया से हम लोग निपटे हैं। उसका रिजल्ट भी बेहतर आ रहा है जिसके वजह से राजस्व में वृद्धि हुई है। इस विभाग के अंदर भी राजस्व बढ़ेगा।

पदभार ग्रहण समारोह के दौरान विभागीय अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह, सचिव जय सिंह सहित राजस्व विभाग के अधिकारियों ने उन्हें बुके देकर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की और विभाग के कार्यों, बिहार में चल रहे भूमि सर्वेक्षण, राजस्व महाअभियान समेत विभाग के माध्यम से चल रहे अन्य योजनाओं के बारे में जानकारी ली और पारदर्शिता के साथ उसे ससमय पूरा कराने के निर्देश दिए।

राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री ने कहा कि बिहारियों की भूमि विवाद के कारण सबसे अधिक मामले न्यायालय में जाते हैं उसे रोकने का प्रयास किया जाएगा और पारदर्शिता के साथ कानून के दायरे में बिहार के लोगों को न्याय सुलभता कराने की हमारी प्राथमिकता होगी।